PM Modi 12 Years: सबसे लंबे समय तक निर्वाचित PM बने मोदी, नेहरू का रिकॉर्ड टूटा
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है. 10 जून 2026 को उन्होंने प्रधानमंत्री पद पर लगातार 4,399 दिन पूरे कर लिए, जिसके साथ ही वे देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं.”

New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है. 10 जून 2026 को उन्होंने प्रधानमंत्री पद पर लगातार 4,399 दिन पूरे कर लिए, जिसके साथ ही वे देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. साल 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले नरेंद्र मोदी लगातार तीन बार जनता का जनादेश प्राप्त कर देश का नेतृत्व कर रहे हैं. राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह उपलब्धि केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि देश की जनता द्वारा उनके नेतृत्व पर जताए गए विश्वास का प्रतीक है. इस ऐतिहासिक अवसर पर देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला.
कैबिनेट बैठक में हुआ सम्मान, पीएम मोदी के लिए पारित हुआ विशेष प्रस्ताव
प्रधानमंत्री मोदी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विशेष रूप से उनका सम्मान किया. कैबिनेट बैठक के दौरान सभी मंत्रियों ने तालियां बजाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया और उनके नेतृत्व की सराहना की. इस अवसर पर एक विशेष प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसमें पिछले 12 वर्षों में देश के विकास, सुशासन और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का उल्लेख किया गया. कैबिनेट सदस्यों ने खड़े होकर प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन किया और उन्हें इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं. प्रस्ताव में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और रणनीतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है. मंत्रिमंडल ने उनके नेतृत्व को देश की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय बताया.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति ने दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पत्र लिखकर बधाई दी. राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि यह केवल सार्वजनिक पद पर लंबे समय तक बने रहने का रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि भारतीय लोकतंत्र में जनता द्वारा लगातार जताए गए विश्वास का प्रमाण भी है. उन्होंने कहा कि देशवासियों ने लगातार चुनावों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है. वहीं उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि यह मील का पत्थर केवल कार्यकाल की अवधि नहीं दर्शाता, बल्कि उस परिवर्तनकारी दौर का प्रतीक है जिसमें भारत ने विकास, बुनियादी ढांचे, तकनीक और वैश्विक प्रभाव के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है.
अमित शाह ने गिनाईं उपलब्धियां, कहा- भारत ने नई पहचान बनाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए उनके 12 वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि यह दौर भारत के स्वाभिमान, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने वाला रहा है. शाह ने कहा कि मोदी सरकार के दौरान नई संसद भवन का निर्माण हुआ, नई शिक्षा नीति लागू की गई और भारतीय भाषाओं में मेडिकल एवं इंजीनियरिंग शिक्षा का रास्ता खुला. उन्होंने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, सीमाओं की सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई को भी सरकार की बड़ी उपलब्धियों में शामिल किया. अमित शाह के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है और देश ने आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का नया रास्ता तैयार किया है.


