CM हेमंत सोरेन का केंद्र पर निशाना: SIR से लेकर MMDR संशोधन तक उठाए सवाल, बोले- झारखंड के संसाधनों पर राज्य का हक सुरक्षित रहे
SIR और MMDR पर दो दिन तक चली चर्चा, झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

Jharkhand Assembly Special Session :- झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संविधान दिवस के मौके पर SIR और MMDR संशोधन अधिनियम 2026 को लेकर केंद्र सरकार और संवैधानिक संस्थाओं के सामने कई सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में एक तरफ नागरिक का वोट सुरक्षित रहना चाहिए, तो दूसरी तरफ राज्यों की संवैधानिक और वित्तीय स्वतंत्रता भी बरकरार रहनी चाहिए. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि MMDR संशोधन के कारण अगले दस वर्षों में झारखंड को संभावित रूप से 2.56 लाख करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है. उन्होंने सदन से राज्य सरकार के संकल्प का समर्थन करने की अपील की.
SIR और MMDR के पीछे एक ही संवैधानिक सवाल: हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 नवंबर को विधानसभा में SIR की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई थी. इस दौरान मतदाता सूची की जटिलताओं, तकनीकी कमियों, दस्तावेजों की परेशानी और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही से जुड़े मुद्दे उठाए गए. अब 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर MMDR संशोधन पर चर्चा हो रही है. हेमंत सोरेन के मुताबिक, दोनों विषय अलग जरूर हैं, लेकिन इनके केंद्र में एक ही सवाल है- लोकतंत्र में नागरिक की राजनीतिक भागीदारी और संघीय व्यवस्था में राज्यों की वित्तीय स्वतंत्रता कैसे सुरक्षित रहेगी. उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना के शुरुआती शब्द 'हम, भारत के लोग' लोकतंत्र में जनता को सर्वोच्च स्थान देते हैं. इसलिए किसी भी प्रक्रिया के कारण पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए और राज्यों को अपने संसाधनों से विकास के लिए राजस्व जुटाने का अधिकार मिलना चाहिए.
SIR पर बोले- दस्तावेजों की कमी से किसी का वोट नहीं छूटना चाहिए
हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार मतदाता सूची के शुद्धीकरण के खिलाफ नहीं है. मृत व्यक्तियों के नाम हटने चाहिए, दोहरी प्रविष्टियां समाप्त होनी चाहिए और अपात्र लोगों के नाम सूची में नहीं रहने चाहिए. लेकिन किसी पात्र नागरिक का नाम केवल दस्तावेजों की कमी, नाम की वर्तनी, उम्र की गलती, तकनीकी मैपिंग या गलत आपत्ति के कारण नहीं हटना चाहिए. उन्होंने झारखंड की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में संथाली, मुंडारी, हो, कुड़ुख, खड़िया, नागपुरी और खोरठा जैसी भाषाएं बोली जाती हैं. कई बार एक ही व्यक्ति का नाम अलग-अलग दस्तावेजों में अलग वर्तनी से दर्ज होता है. बुजुर्गों के पास जन्म प्रमाणपत्र नहीं होते, शादी के बाद महिलाओं का नाम और पता बदल जाता है और बड़ी संख्या में मजदूर रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में रहते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक और नियम नागरिकों की मदद के लिए होने चाहिए, उन्हें कटघरे में खड़ा करने के लिए नहीं. उन्होंने यह भी दावा किया कि करीब 63 लाख नागरिकों के लिए दस्तावेज, यात्रा और समय की लागत को औसतन 500 रुपये प्रति व्यक्ति मानें तो लगभग 315 करोड़ रुपये का बोझ बन सकता है. उन्होंने करीब 2 लाख Form-7 आवेदनों के डिजिटाइज होने का जिक्र करते हुए गढ़वा, गोड्डा, गिरिडीह और चतरा से इनके दुरुपयोग की शिकायतें आने की बात कही. उन्होंने इन आवेदनों की निष्पक्ष जांच की जरूरत बताई.
निर्वाचन आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया और जवाबदेही पर भी उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े 2023 के कानून का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि चयन समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और प्रधानमंत्री द्वारा नामित केंद्रीय कैबिनेट मंत्री शामिल होते हैं. ऐसे में समिति में कार्यपालिका से इतर स्वतंत्र संस्थागत प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर विचार होना चाहिए. उन्होंने निर्वाचन आयुक्तों को आधिकारिक कामकाज के लिए मिलने वाली कानूनी सुरक्षा पर भी सवाल उठाए. हेमंत सोरेन ने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे अधिकारियों को दुर्भावनापूर्ण मुकदमों से सुरक्षा मिलनी चाहिए, लेकिन गंभीर कदाचार या सत्ता के दुरुपयोग की स्थिति में प्रभावी जवाबदेही का तंत्र भी होना चाहिए.
MMDR संशोधन से 10 साल में 2.56 लाख करोड़ के संभावित नुकसान का दावा
मुख्यमंत्री ने MMDR Amendment Act, 2026 पर चर्चा करते हुए कहा कि संशोधन से खनिज अधिकारों पर कर और उपकर लगाने की राज्यों की शक्ति सीमित होने का गंभीर सवाल खड़ा हुआ है. उन्होंने 25 जुलाई 2024 को सुप्रीम कोर्ट की नौ सदस्यीय संविधान पीठ के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि इस फैसले से झारखंड जैसे खनिज उत्पादक राज्यों को अपने संसाधनों के अनुरूप राजस्व जुटाने की उम्मीद जगी थी. हेमंत सोरेन ने सदन में दावा किया कि अगले दस वर्षों में झारखंड से करीब 2,100 मिलियन टन यानी 210 करोड़ टन खनिज निकाले जाने का अनुमान है. यदि राज्य को खनिजों पर कर और उपकर लगाने का अधिकार मिलता रहता, तो इस अवधि में लगभग 2.56 लाख करोड़ रुपये का संभावित राजस्व प्राप्त हो सकता था. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सरकारी खजाने का मामला नहीं है. इस राशि से स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, सड़क, पेयजल, सिंचाई और रोजगार जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा सकता है. राज्य की आय घटने का सीधा असर जनकल्याण और विकास योजनाओं के लिए उपलब्ध संसाधनों पर पड़ेगा.
कोयला कंपनियों के पास 2.03 लाख एकड़ जमीन होने का दावा
हेमंत सोरेन ने खनन से जुड़े विस्थापन और जमीन के मुद्दे को भी सदन में उठाया. उन्होंने दावा किया कि केवल कोयला कंपनियों के पास झारखंड में करीब 2 लाख 3 हजार एकड़ जमीन है. इसमें लगभग 42 हजार एकड़ वन भूमि, 95 हजार एकड़ रैयती भूमि और 66 हजार एकड़ सरकारी गैर-वन भूमि शामिल है. मुख्यमंत्री ने कहा कि खनन के कारण स्थानीय लोगों को विस्थापन, आजीविका के नुकसान और पर्यावरणीय क्षति का सामना करना पड़ता है. ऐसे में खनिज संपदा से होने वाले आर्थिक लाभ में राज्य की न्यायपूर्ण हिस्सेदारी होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि खनिज संसाधन सीमित हैं और एक बार खनन के बाद उन्हें वापस नहीं लाया जा सकता. इसलिए इनसे मिलने वाले राजस्व को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और आधारभूत संरचना में निवेश करना जरूरी है.
पांच साल में खनिज राजस्व 4,888 करोड़ से बढ़कर 18,844 करोड़ होने का दावा
मुख्यमंत्री ने राज्य के खनिज राजस्व में हुई वृद्धि के आंकड़े भी सदन में रखे. उनके मुताबिक, वर्ष 2020 में झारखंड का खनिज राजस्व 4,888 करोड़ रुपये था, जो वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़कर 18,844 करोड़ रुपये हो गया. उन्होंने बताया कि इस अवधि में कोयले से मिलने वाला राजस्व 3,039 करोड़ से बढ़कर 10,200 करोड़ रुपये, लौह अयस्क से 989 करोड़ से बढ़कर 5,100 करोड़ रुपये और बॉक्साइट से 110 करोड़ से बढ़कर 650 करोड़ रुपये हो गया. अन्य खनिजों से प्राप्त राजस्व भी 685 करोड़ से बढ़कर 2,450 करोड़ रुपये होने का दावा किया. हेमंत सोरेन ने कहा कि इस अवधि में खनिज उत्पादन में करीब 35 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि खनिज राजस्व में लगभग 286 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. उन्होंने इसका श्रेय राजस्व चोरी और रिसाव रोकने, प्रशासनिक व्यवस्था बेहतर बनाने तथा राज्य के वैधानिक अधिकारों के इस्तेमाल को दिया.
केंद्र से संशोधन पर पुनर्विचार की मांग, सभी दलों से समर्थन की अपील
मुख्यमंत्री ने सदन में राज्य सरकार के राजकीय संकल्प संख्या 2671, दिनांक 23 नवंबर 2026 का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड को संभावित राजस्व नुकसान को देखते हुए केंद्र सरकार से MMDR संशोधन पर पुनर्विचार करने या इसे वापस लेने का अनुरोध किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि झारखंड राष्ट्रीय विकास में योगदान देने से पीछे नहीं हटेगा, लेकिन राज्य के संसाधनों से होने वाले विकास का लाभ यहां के लोगों तक भी पहुंचना चाहिए. मुख्यमंत्री ने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राज्य के संवैधानिक और आर्थिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की. उन्होंने सदन के सामने यह भी आग्रह रखा कि SIR में किसी पात्र नागरिक का नाम हटाने से पहले स्पष्ट कारण, उचित नोटिस, सुनवाई और अपील का अवसर मिले. Form-7 के दुरुपयोग की निष्पक्ष जांच हो और निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में स्वतंत्र संस्थागत भागीदारी पर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा की जाए. अंत में हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार की लड़ाई किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि संविधान और झारखंड की जनता के अधिकारों के लिए है. उन्होंने सदन से MMDR संशोधन के खिलाफ पेश राजकीय संकल्प का समर्थन करने की अपील की. मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद विशेष सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया.
संबंधित ख़बरें
और POLITICS ख़बरेंईपीएफ के पांच करोड़ बकाये और वेतन बढ़ोतरी पर भड़के सफाईकर्मी, नगर आयुक्त को दिया एक सप्ताह का अल्टीमेटम
आधुनिक तकनीकों से अपडेट रहना दंत चिकित्सकों के लिए जरूरी : डॉ. राजीव रंजन
सारठ मुख्य मार्ग पर बेकाबू कार पेड़ से टकराई, महिला की मौके पर मौत

CM हेमंत सोरेन से गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह ने की मुलाकात, शिक्षा के प्रति जज्बा और दृढ़ इच्छाशक्ति की सराहना

तकनीकी हुनर से संवरेगा देवघर के युवाओं का भविष्य, 100 अभ्यर्थी प्रशिक्षण के लिए रांची रवाना

संविधान के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र की प्रगति में दें योगदान : उपायुक्त


