तकनीकी हुनर से संवरेगा देवघर के युवाओं का भविष्य, 100 अभ्यर्थी प्रशिक्षण के लिए रांची रवाना
देवघर जिला प्रशासन ने जीआईआईडीसीओ की रैंप योजना के तहत 100 चयनित युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण के लिए सिपेट, रांची रवाना किया. तीन और चार माह के निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण में युवाओं को प्लास्टिक प्रोसेसिंग और मशीन ऑपरेशन का हुनर सिखाया जाएगा.

Deoghar: जिले के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. जीआईआईडीसीओ की रैंप योजना के तहत गुरुवार को 100 चयनित युवाओं को प्रशिक्षण के लिए सिपेट, हेहल, रांची रवाना किया गया. सूचना भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने हरी झंडी दिखाकर अभ्यर्थियों को रवाना किया. उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं, बल्कि उद्योगों की मांग के अनुरूप तकनीकी कौशल हासिल करना भी जरूरी है. सिपेट में तीन और चार माह का आवासीय प्रशिक्षण युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगा. उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अनुशासन और लगन के साथ आधुनिक मशीनों तथा प्लास्टिक प्रोसेसिंग की तकनीक सीखने की अपील की. देवीपुर में प्लास्टिक पार्क शुरू होने से स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.
400 आवेदनों में पहले चरण में 100 युवाओं का चयन
उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. प्रशिक्षण के लिए जिले से 400 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें पहले चरण में 100 योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया है. सीटों की उपलब्धता के अनुसार अन्य युवाओं को भी आगामी चरणों में भेजा जाएगा. प्रशिक्षण में मशीन ऑपरेटर असिस्टेंट-प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग, मशीन ऑपरेटर असिस्टेंट-इंजेक्शन मोल्डिंग, मशीन ऑपरेटर-प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग और मशीन ऑपरेटर-इंजेक्शन मोल्डिंग के पाठ्यक्रम शामिल हैं. 10वीं और 11वीं पास युवाओं के लिए निर्धारित इन पाठ्यक्रमों की अवधि तीन से चार माह है. प्रशिक्षण के दौरान आवास, भोजन, ड्रेस और शिक्षण सामग्री निःशुल्क मिलेगी. प्रशिक्षण पूरा करने के बाद झारखंड सहित देश की विभिन्न कंपनियों में प्लेसमेंट का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंईपीएफ के पांच करोड़ बकाये और वेतन बढ़ोतरी पर भड़के सफाईकर्मी, नगर आयुक्त को दिया एक सप्ताह का अल्टीमेटम
आधुनिक तकनीकों से अपडेट रहना दंत चिकित्सकों के लिए जरूरी : डॉ. राजीव रंजन
सारठ मुख्य मार्ग पर बेकाबू कार पेड़ से टकराई, महिला की मौके पर मौत

CM हेमंत सोरेन से गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह ने की मुलाकात, शिक्षा के प्रति जज्बा और दृढ़ इच्छाशक्ति की सराहना

संविधान के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र की प्रगति में दें योगदान : उपायुक्त

आरडी बाजला महिला कॉलेज में संविधान दिवस पर छात्राओं ने लिया संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प


