26/11 की बरसी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और गृह मंत्री अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि, आतंकवाद के खिलाफ दोहराया संकल्प
26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और गृह मंत्री अमित शाह ने हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी. जानिए कैसे 10 आतंकियों ने मुंबई को दहला दिया था और इस हमले के बाद देश की सुरक्षा व्यवस्था में क्या बदलाव हुए.

26/11 Mumbai Terror Attack Anniversary:- 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले की बरसी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी.उन्होंने ने आतंकवाद के खिलाफ देश की एकजुटता और संकल्प को दोहराया. राष्ट्रपति मुर्मू ने आतंकियों का मुकाबला करने वाले पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों के जवानों को भी नमन किया, वहीं अमित शाह ने आतंकवाद के खिलाफ मोदी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का जिक्र किया. पाकिस्तान से आए 10 आतंकियों ने मुंबई में कई जगहों पर हमला कर दिया था. करीब 60 घंटे तक चले इस हमले में 166 लोगों की जान चली गई थी. आइए जानते हैं 26/11 मुंबई आतंकी हमले से जुड़ी 9 बड़ी बातें.
राष्ट्रपति मुर्मू और गृह मंत्री अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि
26/11 हमले की बरसी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने आतंकियों से बहादुरी के साथ मुकाबला करने वाले जवानों और पुलिसकर्मियों को भी नमन किया. राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि उनका बलिदान और निस्वार्थ सेवा हमेशा देश की स्मृतियों में अमिट रहेगी. उन्होंने कहा कि आतंकवाद जिंदगियां छीन सकता है, लेकिन साहस, संवेदना और एकजुटता से भरे राष्ट्र के हौसले को नहीं तोड़ सकता. उन्होंने हमले के पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़े रहने तथा आतंकवाद के हर रूप को खत्म करने का संकल्प भी दोहराया. वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2008 में आज ही के दिन मुंबई पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था. उन्होंने आतंकियों का मुकाबला करते हुए अपनी जान गंवाने वाले जवानों को नमन किया और हमले में जान गंवाने वाले सभी निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी. अमित शाह ने आतंकवाद को मानवता के विरुद्ध सबसे जघन्य अपराध बताते हुए कहा कि मोदी सरकार आतंकवाद के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और आतंक के हर रूप तथा हर साजिश के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई कर रहा है.
कराची से समुद्री रास्ते के जरिए मुंबई पहुंचे थे 10 आतंकी
26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हमला करने वाले 10 आतंकी पाकिस्तान के कराची से समुद्री रास्ते के जरिए रवाना हुए थे. जांच के मुताबिक, रास्ते में उन्होंने भारतीय मछली पकड़ने वाली नाव 'एमवी कुबेर' पर कब्जा कर लिया था. नाव के चालक दल के सदस्यों की हत्या करने के बाद आतंकी मुंबई के तट तक पहुंचे और छोटी नावों के जरिए शहर में दाखिल हुए.
अलग-अलग समूहों में बंटकर कई जगहों पर किया हमला
मुंबई पहुंचने के बाद आतंकी अलग-अलग समूहों में बंट गए और शहर के कई हिस्सों में हमले शुरू कर दिए. छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (CST), ताज महल पैलेस होटल, ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल, लियोपोल्ड कैफे और नरीमन हाउस प्रमुख निशाने थे. हमले के दौरान मुंबई के कई प्रमुख स्थानों पर गोलीबारी और बम धमाकों की घटनाएं हुईं.
ताज होटल में आग, गोलीबारी और बंधक बनाने की घटना
दक्षिण मुंबई के ऐतिहासिक ताज महल पैलेस होटल पर आतंकियों ने हमला कर दिया था. होटल के अंदर कई मेहमान और कर्मचारी फंस गए थे. गोलीबारी और आग की घटनाओं के बीच सुरक्षाबलों ने लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया. ताज होटल में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई कई घंटों तक चली.
ओबेरॉय-ट्राइडेंट और नरीमन हाउस भी बने निशाना
आतंकियों ने ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल और यहूदी धार्मिक केंद्र नरीमन हाउस को भी निशाना बनाया था. इन दोनों जगहों पर लोगों को बंधक बनाया गया. सुरक्षाबलों ने लंबी कार्रवाई के बाद आतंकियों को मार गिराया और वहां फंसे लोगों को बाहर निकाला.
आतंकियों से मुकाबले में कई पुलिस अधिकारी और जवान गंवा बैठे जान
हमले के दौरान आतंकियों से मुकाबला करते हुए मुंबई पुलिस और ATS के कई अधिकारी अपनी जान गंवा बैठे. इनमें महाराष्ट्र ATS के तत्कालीन प्रमुख हेमंत करकरे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक कामटे और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय सालस्कर शामिल थे. इन अधिकारियों ने आतंकियों को रोकने की कोशिश में अपनी जान दे दी. उनके साहस और बलिदान को देश आज भी याद करता है.
तुकाराम ओंबले की बहादुरी से जिंदा पकड़ा गया कसाब
हमले में शामिल 10 आतंकियों में से नौ सुरक्षाबलों की कार्रवाई में मारे गए थे, जबकि एक आतंकी अजमल आमिर कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया. कसाब को पकड़ने में मुंबई पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक तुकाराम ओंबले की भूमिका बेहद अहम रही. उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना कसाब को काबू करने में मदद की और इस दौरान अपनी जान गंवा दी. कसाब की गिरफ्तारी से जांच एजेंसियों को हमले की साजिश से जुड़े अहम सुराग मिले.
166 लोगों की मौत, 238 से अधिक घायल
26/11 का हमला भारत के सबसे भीषण आतंकी हमलों में से एक था. इस हमले में 166 लोगों की मौत हुई, जबकि 238 से अधिक लोग घायल हुए. मरने वालों में आम नागरिकों के अलावा पुलिस और सुरक्षाबलों के जवान भी शामिल थे. करीब तीन दिनों तक चले इस हमले ने न सिर्फ मुंबई, बल्कि पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया था.
हमले के बाद देश की सुरक्षा व्यवस्था में हुए बड़े बदलाव
26/11 हमले ने भारत की समुद्री और आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर किया. इसके बाद तटीय सुरक्षा मजबूत करने, समुद्री निगरानी बढ़ाने और आतंकवाद से निपटने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर समन्वय की दिशा में कदम उठाए गए. इसी क्रम में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का गठन किया गया. मुंबई में NSG की त्वरित तैनाती के लिए क्षेत्रीय हब भी स्थापित किए गए. 26/11 की बरसी हर साल देश को उस दर्दनाक रात की याद दिलाती है. यह उन 166 लोगों को याद करने का दिन है, जिन्होंने इस हमले में अपनी जान गंवाई. साथ ही उन पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों के जवानों के साहस को नमन करने का अवसर भी है, जिन्होंने दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए आतंकियों का सामना किया.
संबंधित ख़बरें
और NATIONAL ख़बरेंजेनिफर बैरेटो ने जीता मिस यूनिवर्स का ताज, शादीशुदा और 7 साल की बेटी की मां हैं विनर

रिंकू सिंह की शादी में पहुंचेंगे KING शाहरुख खान? 4 दिसंबर को प्रिया सरोज संग लेंगे सात फेरे
₹19,934 करोड़ की मेगा योजना समेत मोदी कैबिनेट के 5 फैसले, देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी रफ्तार

काशी में देव दीपावली की दिव्य छटा, 21 लाख दीयों से जगमगाए घाट; 2100 ड्रोन से दिखे शिव तांडव

15 साल के वैभव सूर्यवंशी का World Record, 28 गेंदों में सेंचुरी और 52 गेंदों में डबल सेंचुरी

पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी, 'पश्चिम बंग' होगा नया नाम; 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा प्रस्ताव


