वंदे मातरम थीम पर नृत्य प्रस्तुति को लेकर मोनिका डे ने की राज्यपाल से मुलाकात
झारखंड की जानी-मानी कथक नृत्यांगना एवं प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था नृत्यशाला की संस्थापक मोनिका डे ने गुरुवार को झारखंड के माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से लोक भवन, रांची में शिष्टाचार भेंट की.

Ranchi: झारखंड की जानी-मानी कथक नृत्यांगना एवं प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था नृत्यशाला की संस्थापक मोनिका डे ने गुरुवार को झारखंड के माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से लोक भवन, रांची में शिष्टाचार भेंट की. इस अवसर पर उनके साथ नृत्यशाला के कोषाध्यक्ष दीपक नंदी भी उपस्थित थे.
मुलाकात के दौरान मोनिका डे ने राज्यपाल को अवगत कराया कि वर्ष 2026 में देश राष्ट्रगीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है, जो भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय चेतना के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण मील का पत्थर है. इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के उद्देश्य से उनकी संस्था नृत्यशाला वंदे मातरम की थीम पर आधारित एक विशेष सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति आयोजित करना चाहती है.
मोनिका डे ने बताया कि यह नृत्य प्रस्तुति केवल एक कलात्मक कार्यक्रम नहीं होगी, बल्कि इसके माध्यम से देशवासियों को वंदे मातरम के भावनात्मक, ऐतिहासिक और राष्ट्रवादी महत्व से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा. कथक नृत्य शैली के साथ भाव-भंगिमाओं और संगीत के समन्वय से देशभक्ति की भावना को प्रभावी ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा. इस प्रस्तुति का उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मोनिका डे की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करते हैं. उन्होंने विषय में रुचि व्यक्त करते हुए मोनिका डे को आश्वासन दिया कि इस प्रस्ताव पर शीघ्र ही आवश्यक विचार-विमर्श कर उन्हें सूचना प्रदान की जाएगी.
उल्लेखनीय है कि मोनिका डे लंबे समय से नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं. उनकी यह पहल राज्य में सांस्कृतिक गतिविधियों को एक नई दिशा देने वाली मानी जा रही है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts






Leave a comment