Ranchi: झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स से मंगलवार सुबह एक बाल कैदी फरार हो गया. चोरी के मामले में बंद यह बाल कैदी इलाज के लिए रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती था, जहां से उसने सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर भागने में सफलता पाई. जानकारी के अनुसार, बाल कैदी को रांची के डूमरदगा स्थित बाल सुधार गृह में रखा गया था. दो दिन पहले उसने पेट में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद बाल सुधार गृह प्रशासन ने उसे इलाज के लिए रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था. मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसने मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया.
पुलिस के मुताबिक फरार बाल कैदी रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र का निवासी है. वह इलाके में हुई चोरी की एक घटना में शामिल था और पिछले कुछ दिनों से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. पुलिस दबाव के चलते उसने चार दिन पहले आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद न्यायिक प्रक्रिया के तहत उसे बाल सुधार गृह भेजा गया था. बताया जा रहा है कि सुधार गृह में रहने के महज दो दिन बाद ही उसने बीमारी का बहाना बनाकर अस्पताल पहुंचने की योजना बनाई और वहीं से फरार हो गया.
इस मामले में रांची सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि बाल कैदी वॉशरूम जाने की बात कहकर बाहर निकला था, जिसके बाद उसके फरार होने की सूचना मिली. पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है और आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है.

