Chhath 2026: रांची में 15 और 16 नवंबर को बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, भारी वाहनों की नो एंट्री, जानें रूट और पार्किंग की पूरी जानकारी
छठ महापर्व 2026 को लेकर रांची ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. 15 और 16 नवंबर को शहर में भारी व छोटे मालवाहक वाहनों की नो एंट्री रहेगी. कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.

Ranchi: छठ महापर्व 2026 को लेकर रांची पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है. पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 15 और 16 नवंबर को छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा. हालांकि, ये वाहन रिंग रोड से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों पर भी रोक रहेगी. इसके अलावा चांदनी चौक से राम मंदिर के बीच ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक बंद रहेगा.
छठ पर इन रास्तों पर रहेगी वाहनों की नो एंट्री, जानें पार्किंग की व्यवस्था
यातायात पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को फिरायालाल से चडरी तालाब, जेल चौक से फिरायालाल, रणधीर वर्मा चौक से राजभवन और सीएमपीडीआई चौक से कांके डैम जाने वाले मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. इसके अलावा औघड़ बाबा आश्रम, छोटा तालाब, उर्दू लाइब्रेरी से बड़ा तालाब, जैन मंदिर कटिंग, महिला मारवाड़ी कॉलेज से बड़ा तालाब तथा लक्ष्मीनारायण मंदिर से औघड़ बाबा आश्रम की ओर जाने वाले रास्तों पर भी रोक रहेगी. धुर्वा डैम छठ घाट जाने वाले मार्ग पर जुडिशियल अकादमी और सिठियो बस्ती (अंजली होटल) से वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हटनिया तालाब, कांके डैम, शालीमार बाजार, शहीद मैदान, बड़ा तालाब, चुटिया और स्वर्णरेखा नदी के आसपास पार्किंग स्थल बनाए गए हैं. लालपुर, जेल चौक, सर्जना चौक, फिरायालाल, निवारणपुर और सरस्वती शिशु मंदिर के पास भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी. यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों को भी कुछ समय के लिए डायवर्ट या बंद किया जा सकता है.

