जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा ने गिनाईं उपलब्धियां, बिरसा मुंडा के संघर्ष को किया याद
देवघर में जनजातीय गौरव दिवस को लेकर भाजपा ने प्रेस वार्ता आयोजित की. सुरेश मुर्मू ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, उलगुलान आंदोलन और जल, जंगल, जमीन की रक्षा में उनके योगदान को याद किया.

Deoghar:- जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती मनाने को लेकर भाजपा की ओर से जिला भाजपा कार्यालय, ठाढ़ीदुलमपुर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई. इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं जामा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सुरेश मुर्मू ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया. उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अधिकारों और स्वतंत्रता की लड़ाई का प्रतीक है.
11 से 18 नवंबर तक मनाया जा रहा जनजातीय गौरव दिवस
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सुरेश मुर्मू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में भाजपा की ओर से 11 से 18 नवंबर तक देश के जनजातीय बहुल जिलों, विधानसभा क्षेत्रों और मंडलों में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है. इसके साथ ही जनजातीय समाज के जीवन में आए बदलावों और विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे भ्रम की वास्तविकता को भी जनता के सामने रखने का प्रयास किया जा रहा है.
जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए किया उलगुलान
सुरेश मुर्मू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था. अंग्रेजी शासन के अत्याचार, शोषण और जनजातीय समाज के अधिकारों पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ उन्होंने संघर्ष का बिगुल फूंका था. उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित कर उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया. उनका उद्देश्य जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ जनजातीय समाज के स्वाभिमान और स्वतंत्रता की स्थापना करना था.
संस्कृति और परंपराओं को बचाने का दिया संदेश
सुरेश मुर्मू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज को नशापान और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का संदेश दिया था. उन्होंने अपनी संस्कृति, परंपराओं और पर्व-त्योहारों को संरक्षित रखने तथा विदेशी सत्ता के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने की प्रेरणा दी. उन्होंने बताया कि बिरसा मुंडा का नारा 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' जनजातीय अस्मिता और स्वशासन की भावना का प्रतीक है. मात्र 25 वर्ष की आयु में 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया, लेकिन उनके विचार और संघर्ष आज भी याद किए जाते हैं.
प्रेस वार्ता में ये लोग रहे मौजूद
प्रेस वार्ता का संचालन जिला मंत्री संतोष मुर्मू ने किया. इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, पूर्व मंत्री बाबूलाल मरांडी, सुमित्रा मुर्मू, कुसुम किस्कू, किशन हांसदा, जिला महामंत्री अभयानंद झा, जिला उपाध्यक्ष मुकेश पाठक, गौरी शंकर शर्मा, धनंजय कुमार, उमाशंकर प्रजापति, सौरभ कश्यप, सत्यनारायण रवानी, रिंकू सिंह और किशोर शाह सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.

