JTET-2026 की गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों ने विधायक विक्सल कोंगाड़ी को सौंपा ज्ञापन, JAC सचिव से की गई बात
सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की आत्महत्या का मामला झारखंड में तूल पकड़ता जा रहा है. केंद्रीय सरना समिति के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की. समिति ने हेमंत सोरेन सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए .

रांची:- JTET-2026 परीक्षा में सामने आई विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों को लेकर अभ्यर्थियों ने अपनी आवाज बुलंद की है.OMR शीट में बुकलेट सीरीज और आवेदन फॉर्म व एडमिट कार्ड की त्रुटियों का उठाया मुद्दा, अभ्यर्थियों ने कहा- तकनीकी गलती की सजा परीक्षार्थियों को न मिले. झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने गुरुवार को झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) परिसर में कोलेबिरा विधायक विक्सल कोंगाड़ी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. अभ्यर्थियों ने परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों को दूर करने और यह सुनिश्चित करने की मांग की कि किसी भी परीक्षार्थी का परिणाम इन त्रुटियों के कारण प्रभावित न हो.
OMR शीट में बुकलेट सीरीज की गड़बड़ी का मामला
अभ्यर्थियों ने ज्ञापन के माध्यम से JTET-2026 की OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की बुकलेट सीरीज (S, T, U, V) से संबंधित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया. उनका कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान सामने आई इस तरह की त्रुटियों का निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाना चाहिए, ताकि मूल्यांकन के दौरान किसी भी अभ्यर्थी के साथ अन्याय न हो.
आवेदन फॉर्म और एडमिट कार्ड की गलतियों पर भी उठे सवाल
अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन फॉर्म और प्रवेश पत्र (Admit Card) में हुई विभिन्न त्रुटियों की ओर भी विधायक का ध्यान आकृष्ट कराया. उनका कहना है कि इन गलतियों के लिए अभ्यर्थी जिम्मेदार नहीं हैं. ऐसे में तकनीकी या प्रशासनिक चूक का खामियाजा परीक्षार्थियों को भुगतना नहीं पड़ना चाहिए. संघ ने सभी शिकायतों की जांच कर न्यायसंगत समाधान निकालने की मांग की.
विधायक ने JAC सचिव से की तत्काल बातचीत
विधायक विक्सल कोंगाड़ी ने अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. इसके बाद उन्होंने सकारात्मक पहल करते हुए तत्काल JAC के सचिव से फोन पर बातचीत की और परीक्षा से जुड़ी त्रुटियों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया. विधायक की इस पहल से अभ्यर्थियों को उनकी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है.
संघ ने दोहराई अभ्यर्थियों के हितों की मांग
झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने विधायक विक्सल कोंगाड़ी के सहयोग और अभ्यर्थियों के हित में की गई पहल के लिए आभार जताया. संघ ने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में हुई तकनीकी और प्रशासनिक गलतियों की सजा किसी भी अभ्यर्थी को नहीं मिलनी चाहिए. परीक्षा में शामिल सभी परीक्षार्थियों के भविष्य और उनके परिणाम की निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए.

