सेंट फ्रांसिस स्कूल में ‘एसिओरा ’26’ का भव्य आयोजन, बच्चों की प्रतिभा देख गदगद हुए देवघर डीसी
देवघर के सेंट फ्रांसिस स्कूल, जसीडीह में कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी ‘एसिओरा ’26’ का भव्य आयोजन हुआ. विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक मॉडल, तकनीकी प्रोजेक्ट और कलात्मक प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा दिखाई.

Deoghar: सेंट फ्रांसिस स्कूल, जसीडीह में गुरुवार को कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी ‘एसिओरा ’26’ का भव्य आयोजन किया गया. ‘एक्सप्लोर, क्रिएट, इनोवेट’ थीम पर आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और तकनीकी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. मुख्य अतिथि देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बच्चों के मॉडलों और प्रस्तुतियों की सराहना की. उन्होंने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षक ही समाज के असली नायक हैं, जो बच्चों का भविष्य संवारते हैं.
वैज्ञानिक मॉडलों और बच्चों के आत्मविश्वास ने जीता अतिथियों का दिल
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक, कला और नवाचार से जुड़े कई आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए. बच्चों ने अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और उसके पीछे की वैज्ञानिक अवधारणाओं को पूरे आत्मविश्वास के साथ समझाया. मुख्य अतिथि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने प्रत्येक मॉडल का बारीकी से अवलोकन किया और विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना की. उन्होंने कहा कि बच्चों का बढ़ता आत्मविश्वास, आत्मस्वीकृति और मंच पर बेझिझक अपनी बात रखने की क्षमता उनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत है. अपने बचपन का अनुभव साझा करते हुए उपायुक्त ने बताया कि वे स्वयं छात्र जीवन में मंच पर जाने से हिचकिचाते थे और पर्दे के पीछे रहना पसंद करते थे. आज के बच्चों को खुलकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करते देखना समाज में आए सकारात्मक बदलाव को दर्शाता है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर अपनी अपेक्षाएं थोपने के बजाय उनकी रुचि और प्रतिभा को पहचानने की अपील की.
शिक्षक समाज के असली नायक, बच्चों का भविष्य संवारने में अहम भूमिका
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि शिक्षक समाज के असली नायक हैं. वे पर्दे के पीछे रहकर बच्चों के व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देते हैं. शिक्षकों का योगदान केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे विद्यार्थियों में नैतिकता, अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं. उन्होंने विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षा पार्षद रेव. सिस्टर सुनु एफसीसी, प्रबंधन समिति और शिक्षकों के समर्पण की सराहना की. उपायुक्त ने अभिभावक के रूप में अपनी भावना साझा करते हुए कहा कि उनका पुत्र भी इसी विद्यालय में पढ़ता है. उनकी इच्छा है कि उनका पुत्र और विद्यालय के सभी बच्चे अपने माता-पिता की पहचान के बजाय अपनी मेहनत, प्रतिभा और अच्छे कार्यों से समाज में अलग पहचान बनाएं. उन्होंने बच्चों को संवेदनशील, जिम्मेदार और श्रेष्ठ नागरिक बनने तथा समाज के कल्याण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया.
वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता से तैयार होगा नवाचार का भविष्य
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने कहा कि कला एवं विज्ञान प्रदर्शनियां बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर अपने विचारों को प्रयोग के माध्यम से साकार करने का अवसर देती हैं. विद्यार्थियों में सवाल पूछने, नई चीजें खोजने और समस्याओं का समाधान तलाशने की प्रवृत्ति विकसित करना जरूरी है. अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने प्रदर्शनी को बच्चों की छिपी प्रतिभा सामने लाने का प्रभावी मंच बताया. वहीं, देवघर नगर निगम की उपमहापौर टिप चटर्जी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने योग्य बनाना भी है. विद्यालय के मीडिया प्रभारी भोला सिंह ने बताया कि ‘एक्सप्लोर, क्रिएट, इनोवेट’ की सोच के साथ विद्यार्थियों को रचनात्मक प्रयोग और नए आविष्कारों के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही. अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया.

