15 से 28 नवंबर तक मनेगा झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा, स्वच्छता से लेकर रक्तदान तक होंगे कई कार्यक्रम
झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर देवघर में 15 से 28 नवंबर तक विशेष स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया जाएगा. इसकी शुरुआत 15 नवंबर को सुबह 7 बजे ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ से होगी.

Deoghar: झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर देवघर जिले में 15 से 28 नवंबर तक स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया जाएगा. इस दौरान जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसकी तैयारी को लेकर गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक हुई. बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई. उपायुक्त ने सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस राज्य की एकता, अस्मिता और विकास का प्रतीक है. इसे भव्य, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा.
‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ से होगी शुरुआत, छठ घाटों पर चलेगा विशेष सफाई अभियान
स्थापना दिवस पखवाड़े की शुरुआत 15 नवंबर को सुबह 7 बजे ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ कार्यक्रम से होगी. इसके तहत स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से दौड़ आयोजित की जाएगी. साथ ही जिले के विभिन्न छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आम नागरिकों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी. उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया है. उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए, ताकि स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचे. प्रशासन का प्रयास है कि स्थापना दिवस के अवसर पर लोगों में स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़े.
सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, रक्तदान और विद्यार्थियों के लिए होंगी प्रतियोगिताएं
पखवाड़े के दौरान सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा. किसानों के हित में किसान गोष्ठी आयोजित होगी और पात्र लाभुकों के बीच वन अधिकार पट्टा का वितरण किया जाएगा. स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए रक्तदान शिविर लगाया जाएगा. वहीं, बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से पल्स पोलियो अभियान भी संचालित होगा. विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में निबंध, पेंटिंग और वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है. प्रशासन का लक्ष्य जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक देवघर का निर्माण करना है.

