अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी, 15 दिन में दूसरा ईमेल
अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। 15 दिनों में दूसरी बार आए ईमेल में BSE, बॉम्बे हाईकोर्ट और वर्ली रेसकोर्स का भी जिक्र है। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

Mumbai:- बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरे ईमेल में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), वर्ली रेसकोर्स और बॉम्बे हाईकोर्ट को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
कई जगहों पर चलाया गया तलाशी अभियान
धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस की साइबर टीम ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए IP एड्रेस और अन्य डिजिटल सुरागों की जांच की जा रही है।
23 अक्टूबर को भी मिली थी धमकी
इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें भी अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। ईमेल में अमिताभ बच्चन और पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। धमकी देने वाले ने 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच हमले की आशंका जताई थी। ईमेल में 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार का बदला लेने की बात भी लिखी गई थी। इसके साथ ही खालिस्तान समर्थक नारे भी शामिल थे।
दिलजीत दोसांझ को भी बनाया गया था निशाना
23 अक्टूबर को मिले ईमेल में दिलजीत दोसांझ को भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसमें कहा गया था कि दिलजीत ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे, इसलिए उन्हें भी निशाना बनाया जाएगा। इसके बाद मुंबई पुलिस ने BMC मुख्यालय में तलाशी अभियान चलाया था। मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यालय सहित कई चैंबर्स की जांच की गई थी।
टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग
मुंबई में 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना भी सामने आई थी। बताया गया कि टाइगर फुटबॉल खेलने के बाद जुहू इलाके से निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं। इस घटना में टाइगर सुरक्षित रहे, जबकि उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे। इस मामले में 12 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई थी। जांच के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर बताया था कि उन्होंने पहले अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार की रेकी की थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण अपना प्लान बदल दिया था। फिलहाल अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को मिली धमकी के मामले में पुलिस जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं।

