रसगुल्ला समझकर मुंह में डाल लिया बम, चबाते ही हुआ जोरदार धमाका; युवक की दर्दनाक मौत
मध्य प्रदेश के डिंडौरी में रसगुल्ला बताकर युवक को सुकर्मार बम देने का आरोप है। युवक ने मिठाई समझकर उसे मुंह में डाल लिया, जिससे हुए विस्फोट में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

डिंडौरी:- मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में मजाक के नाम पर ऐसी खौफनाक वारदात हुई, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। आग तापते समय हंसी-मजाक के बीच एक युवक को रसगुल्ला बताकर सुकर्मार बम दे दिया गया। अंधेरे में मिठाई समझकर युवक ने जैसे ही उसे मुंह में डाला और चबाया, जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके में युवक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आग तापते वक्त हुआ खौफनाक मजाक
यह दर्दनाक घटना डिंडौरी के पड़रिया छांटा गांव की है। मृतक की पहचान राजेंद्र बरौतिया के रूप में हुई है। उनकी पत्नी सुशीला बाई के मुताबिक, मंगलवार शाम परिवार के लोग खाना खाने के बाद घर के आंगन में आग ताप रहे थे। इसी दौरान गांव का रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा. बातचीत के दौरान दोनों के बीच हंसी-मजाक होने लगा। आरोप है कि इसी दौरान रामभगत ने राजेंद्र को छोटा सुकर्मार बम रसगुल्ला बताकर खाने के लिए दे दिया। आंगन में अंधेरा होने के कारण राजेंद्र उसे पहचान नहीं पाए। उन्होंने उसे मिठाई समझकर मुंह में डाल लिया, लेकिन चबाते ही उसमें विस्फोट हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसें
बम फटने से राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उन्हें आनन-फानन में ऑटो रिक्शा से करीब 15 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद पुलिस ने आरोपी रामभगत बरौतिया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है कि उसके पास खतरनाक सुकर्मार बम कहां से आया और वह इसे अपने पास क्यों रखे हुए था।
जंगली सूअरों के शिकार में होता है इस्तेमाल
बम निरोधक एवं बम डिस्पोजल दस्ता जबलपुर के प्रभारी पंकज सिंह के अनुसार, सुकर्मार बम का इस्तेमाल जंगली सूअरों के शिकार के लिए किया जाता है। इसमें विस्फोटक सामग्री भरी होती है और यह बेहद खतरनाक होता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। एक कथित मजाक के चलते हुई इस दर्दनाक घटना ने गांव में मातम पसरा दिया है।

