Bigg Boss 20: माही विज की बेटी तारा को विवाद में घसीटने पर भड़के जय भानुशाली, बोले- बच्चों को अब शो नहीं देखने दूंगा
बिग बॉस 20 में माही विज की बेटी तारा का नाम घसीटने पर जय भानुशाली भड़क गए. उन्होंने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताते हुए फैसला लिया कि अब अपने बच्चों को बिग बॉस नहीं देखने देंगे.

Mumbai :- सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के बीच जमकर विवाद देखने को मिल रहा है. शो के एक हालिया कैप्टेंसी टास्क के दौरान माही विज को निशाना बनाने के लिए उनकी बेटी तारा का नाम भी लिया गया. इस बात से माही के पूर्व पति जय भानुशाली काफी नाराज हो गए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर अपना गुस्सा जाहिर किया है. साथ ही बड़ा फैसला लेते हुए कहा है कि अब वह अपने बच्चों को बिग बॉस नहीं देखने देंगे.
माही विज के सपोर्ट में उतरे जय भानुशाली
दरअसल, बिग बॉस 20 के कैप्टेंसी टास्क के दौरान घर के कुछ सदस्यों ने माही विज को भावनात्मक रूप से कमजोर करने के लिए उनकी बेटी तारा का जिक्र किया. इस दौरान कथित तौर पर कुछ कंटेस्टेंट्स ने माही की परवरिश और उनके मदरहुड पर भी सवाल उठाए. यह सब देखने के बाद जय भानुशाली ने इंस्टाग्राम पर अपने बच्चों की तस्वीर के साथ एक पोस्ट शेयर किया. उन्होंने साफ कहा कि किसी भी कंटेस्टेंट के गेम को लेकर सवाल उठाना अलग बात है, लेकिन किसी के बच्चों और परिवार को विवाद में घसीटना बिल्कुल गलत है.
जय ने कहा- अब बच्चों को बिग बॉस नहीं देखने दूंगा
जय भानुशाली ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्होंने पहले फैसला किया था कि वह किसी भी कंटेस्टेंट के गेमप्ले पर टिप्पणी नहीं करेंगे और जरूरत पड़ने पर सिर्फ माही का समर्थन करेंगे. लेकिन शो में जिस तरह उनके बच्चों का नाम लिया गया, उससे उन्हें काफी दुख पहुंचा है. उन्होंने युंग डीएसए, कनिका और लव गिल की मां की टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई. जय के मुताबिक, एक टास्क के दौरान उनके बच्चों के भविष्य और माही के मदरहुड को लेकर की गई बातें स्वीकार करने योग्य नहीं हैं.
'तारा सिर्फ 7 साल की बच्ची है, वह कंटेस्टेंट नहीं'
जय ने अपनी पोस्ट में बेटी तारा का जिक्र करते हुए लिखा कि वह अभी सिर्फ 7 साल की बच्ची है और बिग बॉस की कंटेस्टेंट नहीं है. किसी खिलाड़ी को नीचा दिखाने के लिए उसके बच्चे को बीच में लाना गलत है. उन्होंने आगे कहा कि बिग बॉस एक गेम है. इसमें माही के फैसलों, रणनीति और गेमप्ले से असहमति जताई जा सकती है, लेकिन उनकी निजी जिंदगी, बच्चों और मां होने की भूमिका पर टिप्पणी करना हद पार करने जैसा है.
'अलविदा बिग बॉस 20'
अपनी पोस्ट के आखिर में जय भानुशाली ने लिखा कि उनके बच्चों की मानसिक शांति और मासूमियत उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखती है. वह नहीं चाहते कि उनके बच्चे इस तरह की बातों से प्रभावित हों या उनके मन में किसी तरह का डर पैदा हो. इसी के साथ उन्होंने अपने पोस्ट का अंत 'अलविदा बिग बॉस 20' लिखकर किया. जय के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है. अब देखना होगा कि माही विज और शो के अन्य कंटेस्टेंट्स इस प्रतिक्रिया पर क्या जवाब देते हैं.

