'25 के आबो...' अनंत सिंह ने खेसारी लाल को दिया बेटी की शादी का न्योता, 25 नवंबर को शिवांगी की शादी. जुटेंगे VIP मेहमान
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होगी. मोकामा के पूर्व विधायक ने भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को वीडियो कॉल कर न्योता दिया. खेसारी ने सुबह पटना पहुंचकर शादी में शामिल होने की बात कही. दोनों की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

Mokama:- मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह अपनी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर चर्चा में हैं. शादी की तैयारियों के बीच अनंत सिंह ने भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को वीडियो कॉल कर समारोह में शामिल होने का न्योता दिया है. दोनों के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में अनंत सिंह अपने खास अंदाज में खेसारी से कहते सुनाई दे रहे हैं- '25 के आबो'. वहीं, खेसारी लाल यादव ने भी शादी में पहुंचने का भरोसा दिया है. 25 नवंबर को होने वाली इस शादी में राजनीतिक और फिल्मी जगत की कई चर्चित हस्तियों के शामिल होने की संभावना है.
25 नवंबर को होगी शिवांगी सिंह की शादी
अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने वाली है. इसके लिए परिवार में तैयारियां तेज हो गई हैं. शादी से जुड़ी रस्में 20 नवंबर से शुरू होंगी. इसी दिन तिलक समारोह भी आयोजित किया जाएगा. शादी को भव्य बनाने के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं. समारोह में कई वीआईपी मेहमानों के पहुंचने की संभावना है.
वीडियो कॉल पर अनंत सिंह ने कहा- '25 के आबो'
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अनंत सिंह खेसारी लाल यादव से वीडियो कॉल पर बातचीत करते नजर आ रहे हैं. बातचीत के दौरान उन्होंने अपने खास अंदाज में खेसारी को शादी का न्योता दिया. अनंत सिंह ने कहा, 'प्रणाम, 25 के आबो'. उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. वीडियो में दोनों के बीच सहज बातचीत और अपनापन भी देखने को मिल रहा है.
खेसारी बोले- सुबह पटना पहुंच जाएंगे
वीडियो कॉल के दौरान खेसारी लाल यादव ने अनंत सिंह को अपने कार्यक्रमों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को उनका पहले से कार्यक्रम तय है. समस्तीपुर में कार्यक्रम के बाद उन्हें पूर्णिया भी जाना है. हालांकि, 25 नवंबर को सुबह पटना पहुंचने की बात उन्होंने कही. खेसारी ने बताया कि वह शादी समारोह में शामिल होने के बाद उसी दिन वापस लौट जाएंगे. इस पर अनंत सिंह ने 'ठीक है' कहकर जवाब दिया. बातचीत के बाद खेसारी लाल यादव के शादी में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है.
जयपुर थीम पर सजाया जाएगा जयमाला स्टेज
शिवांगी सिंह की शादी को यादगार बनाने के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं. जयमाला स्टेज को जयपुर थीम पर सजाने की योजना है. शादी समारोह में मेहमानों के स्वागत से लेकर सजावट तक पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. राजनीतिक और फिल्मी जगत की कई हस्तियों को निमंत्रण दिए जाने की चर्चा है. ऐसे में 25 नवंबर को होने वाला यह आयोजन खास रहने वाला है.
सोनू सूद से बातचीत के बाद अब खेसारी का वीडियो वायरल
अनंत सिंह इससे पहले भी सेलिब्रिटी के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं. बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद के साथ उनकी वीडियो कॉल पर बातचीत का वीडियो भी सामने आया था. उस दौरान सोनू सूद ने उन्हें मुंबई आने का न्योता दिया था. अब खेसारी लाल यादव को बेटी की शादी में बुलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. खासकर अनंत सिंह का '25 के आबो' कहने का अंदाज यूजर्स के बीच चर्चा बटोर रहा है.

