मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का 18 नवंबर को अंतिम मौका, हर बूथ पर लगेगा विशेष कैंप
देवघर जिले में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाया जाएगा. योग्य नागरिक प्रपत्र-6 भरकर पंजीकरण करा सकेंगे. इस दौरान बीएलओ अपात्र मतदाताओं की सूची पढ़कर सुनाएंगे और मतदाता सूची का सत्यापन भी किया जाएगा.

देवघर:- मतदाता सूची में अब तक अपना नाम दर्ज नहीं करा सके योग्य नागरिकों के लिए 18 नवंबर को विशेष अवसर मिलने जा रहा है. देवघर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर इस दिन विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा. निर्वाचन विभाग ने इस अभियान को ‘एक और अवसर कैंप’ नाम दिया है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे. कैंप के दौरान नए मतदाताओं का पंजीकरण करने के साथ मतदाता सूची में शामिल अपात्र नामों की जानकारी भी सार्वजनिक की जाएगी. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने शनिवार को समाहरणालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर बीएलओ और राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी में विशेष बैठक होगी. इस दौरान सूची पढ़कर सुनाई जाएगी और छूटे हुए योग्य नागरिकों से प्रपत्र-6 भरवाकर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी.
सभी मतदान केंद्रों पर होगी विशेष बैठक
18 नवंबर को जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ, बीएलए-2 और चुनाव पाठशाला के सदस्यों की उपस्थिति में छठी बैठक आयोजित की जाएगी. उपायुक्त के मुताबिक, यह विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्र स्तर पर मतदाताओं की भागीदारी वाली अंतिम बैठक होगी. इसमें स्थानीय लोगों को मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी दी जाएगी और आवश्यक सुधार के लिए प्रक्रिया अपनाई जाएगी.
अपात्र मतदाताओं की सूची होगी सार्वजनिक
सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपात्र पाए गए मतदाताओं के नामों की सूची प्रपत्र-3 में प्रकाशित की जाएगी. बीएलओ बैठक में मौजूद लोगों के सामने सूची को पढ़कर सुनाएंगे. इसका उद्देश्य सूची में पारदर्शिता बनाए रखना और किसी संभावित गलती या आपत्ति को सामने लाना है. संबंधित लोगों को अपनी बात रखने का अवसर भी मिलेगा.
एएसडीडी सूची का भी होगा पुनर्प्रकाशन
कैंप के दिन एएसडीडी (ASDD) सूची को दोबारा प्रकाशित किया जाएगा. आम लोगों की सुविधा के लिए यह सूची मतदान केंद्रों के अलावा पंचायत भवन, नगर निकाय कार्यालय, प्रखंड विकास पदाधिकारी और पंचायत पदाधिकारी के कार्यालयों में भी उपलब्ध रहेगी. सूची में शामिल ऐसे पात्र नागरिक, जिन्होंने अब तक प्रपत्र-6 जमा नहीं किया है, उन्हें चिह्नित कर पंजीकरण कराने की पहल की जाएगी.
घर-घर जाकर किया जाएगा मतदाता सूची का सत्यापन
निर्वाचन विभाग की ओर से छूटे हुए योग्य नागरिकों से प्रपत्र-6, घोषणा पत्र और जरूरी दस्तावेज लिए जाएंगे. इसके साथ ही ‘होम-टू-रोल’ अभियान के तहत घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन भी किया जाएगा. बीएलओ को इसके लिए आवश्यक प्रपत्र और दस्तावेज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि पंजीकरण की प्रक्रिया में किसी पात्र व्यक्ति को परेशानी न हो.
उपायुक्त ने योग्य नागरिकों से की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने युवाओं, पात्र नागरिकों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से 18 नवंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, स्वच्छ और त्रुटिरहित बनाया जा सकता है. बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंIITF 2026 में झारखंड के पलाश पवेलियन का CM हेमंत सोरेन ने किया उद्घाटन, ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार

झारखंड में कहां है कानून का राज? बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार से पूछे सवाल
अबरार के तूफानी शतक से केकेएन स्टेडियम में मचा धमाल, केंट और आरसीए का मुकाबला टाई

छठ व्रतियों की सुरक्षा को लेकर नगर निगम अलर्ट, घाटों पर बैरिकेडिंग से लेकर रोशनी तक की मुकम्मल व्यवस्था

पश्चिम बंगाल जाते समय चंपाई सोरेन के काफिले की गाड़ी खराब, पुराने वाहनों को लेकर फिर उठे सवाल

बिना पड़ाव सुविधा के ई-रिक्शा चालकों से शुल्क वसूली पर भड़का यूनियन, वसूली रोकने की मांग


