निशा भगत मौत मामला: सीबीआई ने अजय तिर्की के घर 7 घंटे तक की छापेमारी, फोन और दस्तावेज खंगाले
निशा भगत मौत मामले में सीबीआई ने रांची में जांच तेज कर दी है. एजेंसी की टीम ने अजय तिर्की के पहाड़ी टोला स्थित आवास पर करीब सात घंटे तक छानबीन की. इस दौरान मोबाइल फोन, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खंगाले गए. ज्योत्सना केरकेट्टा के घर और घटनास्थल पर भी जांच हुई.

रांची: आदिवासी नेता निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई ने जांच तेज कर दी है. केंद्रीय जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने रांची में कई ठिकानों पर पहुंचकर छानबीन की. इस दौरान अजय तिर्की के पहाड़ी टोला स्थित आवास पर करीब सात घंटे तक जांच चली. अधिकारियों ने उनके मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की पड़ताल की. जांच के दौरान घर के सदस्यों के फोन भी एजेंसी ने अपने कब्जे में लिए. इसके अलावा सीबीआई की एक टीम ज्योत्सना केरकेट्टा के नगड़ाटोली स्थित आवास पहुंची, जबकि दूसरी टीम निशा भगत के डहूटोली स्थित घर पर गई. यहां अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ क्राइम सीन रीक्रिएट किया. मामले में अब तक की कार्रवाई से संकेत मिलता है कि एजेंसी घटना से जुड़े सभी पहलुओं और आरोपों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.
शाम 4:20 बजे अजय तिर्की के घर पहुंची सीबीआई की टीम
सीबीआई अधिकारियों की टीम शाम करीब 4:20 बजे अजय तिर्की के पहाड़ी टोला स्थित आवास पहुंची. शुरुआती समय में तिर्की घर पर मौजूद नहीं थे. हालांकि, जांच एजेंसी के पहुंचने की सूचना मिलने के बाद वह अपने आवास पर पहुंचे.
इसके बाद अधिकारियों ने उनसे काफी देर तक पूछताछ की. घर के अंदर जांच के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण चीजों की पड़ताल की. रात तक चली इस कार्रवाई में अधिकारियों ने दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की.
मोबाइल फोन और दस्तावेजों की हुई जांच
जांच के दौरान सीबीआई ने अजय तिर्की के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को खंगाला. घर में मौजूद परिजनों के मोबाइल फोन भी अधिकारियों ने अपने पास रख लिए.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जांच एजेंसी ने कुछ सामान और दस्तावेज जब्त किए हैं. हालांकि, जब्त की गई वस्तुओं की आधिकारिक सूची या उनकी प्रकृति को लेकर एजेंसी की ओर से विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.
रात करीब 11:16 बजे सीबीआई की टीम अजय तिर्की के आवास से बाहर निकली.
ज्योत्सना केरकेट्टा के आवास पर भी पहुंची टीम
इस मामले की जांच केवल अजय तिर्की के आवास तक सीमित नहीं रही. सीबीआई की एक अन्य टीम ने ज्योत्सना केरकेट्टा के नगड़ाटोली स्थित घर पर भी पहुंचकर छानबीन की.
गौरतलब है कि निशा भगत के पिता हंदू भगत की शिकायत पर पिठौरिया थाने में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. इसी प्राथमिकी के आधार पर सीबीआई ने मामले को अपने हाथ में लेकर जांच शुरू की है.
निशा भगत के घर पर क्राइम सीन रीक्रिएट
सीबीआई की एक टीम डहूटोली स्थित उस आवास पर भी पहुंची, जहां छह नवंबर को निशा भगत की मौत हुई थी. अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया.
जानकारी के अनुसार, जांच टीम ने घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट किया. इस प्रक्रिया का उद्देश्य घटना से जुड़ी परिस्थितियों को समझना और उपलब्ध साक्ष्यों के साथ उनका मिलान करना है.
एजेंसी की टीमें अलग-अलग स्थानों पर जांच कर रही हैं, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा सके.
फेसबुक लाइव के बाद हुई थी निशा भगत की मौत
निशा भगत ने छह नवंबर को पिठौरिया थाना क्षेत्र के डहूटोली स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. घटना से पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं. इस दौरान उन्होंने रोते हुए अपनी परेशानियां साझा की थीं.
लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे. साथ ही पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए थे.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
रामसेवक सिंह बने झारखंड जदयू के प्रदेश प्रभारी, धर्मेंद्र तिवारी पश्चिम बंगाल के प्रभारी नियुक्त, आज जारी हुआ पत्र
नोनिहाट में नीलोत्पल मृणाल की पुस्तक ‘दुल्हिन सावधान’ का विमोचन, समारोह में पहुंचे पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख
लखनगड़िया मेले के फुटबॉल फाइनल में उमड़ा खेल प्रेमियों का हुजूम, गंगा नारायण सिंह ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

देवघर के युवा तेज गेंदबाज ने मिजोरम के खिलाफ तीन और राजस्थान के विरुद्ध दो विकेट लेकर दिखाई अपनी प्रतिभा, जिला क्रिकेट संघ ने दी बधाई

पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने शोकाकुल परिवार से की मुलाकात, बंधाया ढांढस

झारखंड के मतदाताओं के लिए आखिरी मौका, 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप


