चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर देवघर अलर्ट, NDRF की टीम स्टैंडबाय पर
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है. 29 और 30 अक्टूबर को बारिश की संभावना के मद्देनजर डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. एनडीआरएफ और स्थानीय राहत एवं बचाव दलों को स्टैंडबाय पर रखा गया है.

Deoghar: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है. 29 और 30 अक्टूबर को जिले में बारिश की संभावना के मद्देनजर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने जिला, प्रखंड, पंचायत और नगर निकायों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ सहित स्थानीय राहत एवं बचाव दलों को स्टैंडबाय पर रहने को कहा गया है. प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है.
निचले इलाकों में जलजमाव और पेड़ गिरने की घटनाओं पर नजर
उपायुक्त ने नगर निगम, नगर परिषद और अन्य संबंधित निकायों को जलजमाव की आशंका वाले निचले इलाकों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है. संभावित आंधी-तूफान के दौरान पेड़ या बिजली के खंभे गिरने से होने वाली परेशानियों से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन टीमों को जरूरी उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा गया है. सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है. प्रशासन का उद्देश्य जलजमाव और अन्य आपात परिस्थितियों में आम लोगों को होने वाली परेशानी कम करना है.
बिजली आपूर्ति बहाल रखने की तैयारी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
संभावित बारिश और आंधी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका को देखते हुए विद्युत विभाग को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है. संबंधित कार्यपालक अभियंता को अतिरिक्त मैनपावर और तकनीकी टीमों को तैयार रखने को कहा गया है, ताकि बिजली बाधित होने पर जल्द बहाली हो सके. मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए एनडीआरएफ और स्थानीय राहत दलों को भी तैयार रहने का निर्देश दिया गया है. उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.

