रांची के रातू रोड-पिस्का मोरहाबादी में बदले जाएंगे खराब स्लुइस वाल्व, 44 लाख रुपये का टेंडर जारी
रांची के रातू रोड और पिस्का-मोरहाबादी इलाके में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी शुरू हो गई है. खराब स्लुइस वाल्व बदले जाएंगे और पुराने वाल्व चेंबरों की मरम्मत की जाएगी. गोंदा पेयजल प्रमंडल ने दोनों कार्यों के लिए कुल 44.08 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है.

रांची:- राजधानी रांची के रातू रोड और पिस्का-मोरहाबादी इलाके में रहने वाले लोगों के लिए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर राहत भरी खबर है. इन क्षेत्रों में पानी की वितरण प्रणाली को दुरुस्त करने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गोंदा ने मरम्मत और निर्माण से जुड़ी दो योजनाओं की निविदा जारी की है. दोनों परियोजनाओं पर कुल 44.08 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. योजना के तहत लंबे समय से खराब पड़े स्लुइस वाल्व बदले जाएंगे. इसके अलावा जरूरत के अनुसार नए आरसीसी वाल्व चेंबर बनाए जाएंगे और पुराने चेंबर की मरम्मत कर उन्हें उपयोग के लायक बनाया जाएगा. विभाग का मानना है कि इन कार्यों से पाइपलाइन संचालन में आने वाली तकनीकी परेशानियां कम होंगी और जलापूर्ति वितरण प्रणाली को बेहतर बनाया जा सकेगा. दोनों योजनाओं को पूरा करने के लिए ठेकेदारों को 30 दिनों का समय दिया गया है.
रातू रोड की जलापूर्ति व्यवस्था पर खर्च होंगे 24.47 लाख
पहली योजना रातू रोड और आसपास के इलाकों की वितरण जलापूर्ति पाइपलाइन से संबंधित है. इस काम के लिए विभाग ने 24.47 लाख रुपये की अनुमानित राशि निर्धारित की है. इसके तहत खराब स्लुइस वाल्व हटाकर नए वाल्व लगाए जाएंगे. साथ ही आवश्यकतानुसार नए आरसीसी वाल्व चेंबर का निर्माण और पुराने चेंबर की मरम्मत की जाएगी.
पिस्का-मोरहाबादी क्षेत्र को भी मिलेगी राहत
दूसरी योजना पिस्का-मोरहाबादी इलाके की पेयजल वितरण पाइपलाइन और गोंदा जलशोधन केंद्र परिसर में लागू होगी. इस परियोजना की अनुमानित लागत 19.61 लाख रुपये रखी गई है. यहां खराब वाल्व बदलने के साथ चेंबर निर्माण और मरम्मत से जुड़े कार्य किए जाएंगे.
दोनों योजनाओं पर कुल 44.08 लाख होंगे खर्च
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल की ओर से जारी दोनों निविदाओं की कुल अनुमानित लागत 44.08 लाख रुपये है. विभाग का उद्देश्य पाइपलाइन से जुड़े पुराने और खराब उपकरणों को बदलकर जलापूर्ति व्यवस्था को तकनीकी रूप से बेहतर बनाना है.
निर्माण कार्य पूरा करने के लिए मिलेगी 30 दिनों की मोहलत
निविदा की शर्तों के अनुसार, चयनित एजेंसी को कार्य आवंटित होने के बाद निर्धारित समय-सीमा के भीतर दोनों योजनाओं को पूरा करना होगा. इसके लिए 30 दिनों का समय तय किया गया है. निर्धारित अवधि में निर्माण, मरम्मत और वाल्व बदलने का काम पूरा करना अनिवार्य होगा.
21 नवंबर को जमा होगी निविदा, उसी दिन खुलेगी
विभागीय निविदा कार्यक्रम के मुताबिक, 20 नवंबर को दोपहर एक बजे तक परिमाण विपत्र की बिक्री होगी. इच्छुक संवेदक 21 नवंबर को दोपहर तीन बजे तक अपनी निविदा जमा कर सकेंगे. इसी दिन शाम 3:30 बजे निविदा खोली जाएगी. परियोजनाओं के पूरा होने के बाद रातू रोड और पिस्का-मोरहाबादी क्षेत्र की जलापूर्ति वितरण व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंछठ महापर्व आस्था, तपस्या और सामाजिक एकजुटता का देता है संदेश : ध्रुव प्रसाद साह
छठ महापर्व पर महापौर रवि कुमार राउत ने दिया धैर्य और सकारात्मकता का संदेश, उदीयमान सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य
छठ घाटों पर पहुंचीं डिप्टी मेयर टिप चटर्जी, व्रतियों को दीं शुभकामनाएं

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने उमड़ा आस्था का सैलाब, भंडारो घाट पर बनारस की गंगा महाआरती का दिखा अद्भुत नजारा

बाबूलाल मरांडी और झारखंड पुलिस आमने-सामने, एसोसिएशन ने बयान पर जताई कड़ी आपत्ति

डढ़वा नदी घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सूर्य मंडप का पूजन, डीसी-एसपी समेत अधिकारी हुए सम्मानित


