ए डिवीजन क्रिकेट: सोनेट और डीसीए ब्लैक की दमदार जीत, अंगद क्लब और आरसीए को दी शिकस्त
देवघर में ए डिवीजन क्रिकेट के दो मुकाबलों में सोनेट और डीसीए ब्लैक ने शानदार जीत दर्ज की. महेंद्र, हर्षित मिश्रा, क्षितिज और अनुज शर्मा का प्रदर्शन रहा अहम.

देवघर:- देवघर जिला क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित ए डिवीजन क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को दो मुकाबले खेले गए. दोनों मैचों में विजेता टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की. केकेएन स्टेडियम में सोनेट क्रिकेट क्लब ने अंगद क्रिकेट क्लब को 23 रनों से हराया, जबकि जसीडीह के चटर्जी मैदान में डीसीए ब्लैक ने आरसीए को 40 रनों से शिकस्त दी.
महेंद्र और हर्षित की पारियों से सोनेट ने बनाया मजबूत स्कोर
केकेएन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सोनेट क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 35 ओवर में नौ विकेट खोकर 219 रन बनाए. टीम की ओर से महेंद्र ने 69 गेंदों पर 66 रनों की शानदार पारी खेली. हर्षित मिश्रा ने 63 गेंदों पर 52 रन बनाए, जबकि गौरव ने 28 गेंदों में 44 रनों का योगदान दिया. अंगद क्रिकेट क्लब की ओर से अमन और सुमित ने तीन-तीन विकेट हासिल किए.
196 रन पर सिमटी अंगद क्लब की टीम
220 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अंगद क्रिकेट क्लब की टीम 31.2 ओवर में 196 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. अमन ने 35 गेंदों पर 44 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला. सोनेट की ओर से सत्यम, राजनीति और हर्षित मिश्रा ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. सोनेट ने यह मुकाबला 23 रनों से अपने नाम किया.
डीसीए ब्लैक ने 195 रनों का लक्ष्य रखा
दिन का दूसरा मुकाबला जसीडीह स्थित चटर्जी मैदान में आरसीए और डीसीए ब्लैक के बीच खेला गया. पहले बल्लेबाजी करते हुए डीसीए ब्लैक ने 34 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 195 रन बनाए. आरसीए की ओर से कृष यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए. आयुष श्रीवास्तव को दो और आशू मिश्रा को एक विकेट मिला.
155 रन पर ऑलआउट हुई आरसीए
196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीए की टीम 29.2 ओवर में 155 रन बनाकर पवेलियन लौट गई. टीम की ओर से शेषमणि ने 29, हृतिक पानेरी ने 28 और कृष यादव ने 25 रन बनाए. डीसीए ब्लैक की ओर से क्षितिज और अनुज शर्मा ने तीन-तीन विकेट लेकर आरसीए की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई. शुभम और अर्पित ने भी दो-दो विकेट हासिल किए. इस तरह डीसीए ब्लैक ने 40 रनों से मुकाबला जीत लिया.
अंपायर और स्कोरर ने निभाई जिम्मेदारी
केकेएन स्टेडियम में खेले गए मैच में इफ्तिखार शेख और इमरान अंसारी ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि अभय वर्मा स्कोरर रहे. वहीं, चटर्जी मैदान में अभिषेक आनंद और शैलेश दुबे ने अंपायर तथा तरुण कुमार राय ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली.

