रांची में आजसू की बड़ी बैठक, संगठन विस्तार और जनमुद्दों पर संघर्ष तेज करने का फैसला
रांची में आजसू पार्टी की जिला समिति की बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने संगठन को मजबूत बनाने और जनता के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया. पार्टी ने सभी प्रखंडों में सम्मेलन आयोजित कर संगठन के पुनर्गठन, युवाओं और महिलाओं को नई जिम्मेदारी देने...

Ranchi: हरमू स्थित आजसू पार्टी के प्रधान कार्यालय में रांची जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इसमें पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. बैठक में संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक रणनीति और स्थानीय जनमुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. सुदेश महतो ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया. बैठक में जिला से पंचायत स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया गया.
झारखंड के भविष्य और युवाओं के लिए प्रतिबद्ध है आजसू
बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और स्पष्ट लक्ष्य ही जनसेवा एवं जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति का आधार हैं. झारखंड आंदोलन से लेकर अलग राज्य के निर्माण तक आजसू पार्टी की ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण भूमिका रही है. केंद्र सरकार के साथ झारखंड निर्माण को लेकर हुई वार्ताओं में भी पार्टी ने अहम योगदान दिया था. उन्होंने कहा कि इसी ऐतिहासिक जिम्मेदारी को समझते हुए आजसू झारखंड के भविष्य, विशेषकर युवाओं के बेहतर भविष्य के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है. पार्टी चाहती है कि आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, महिला, युवा, छात्र और गरीब वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचे.
प्रखंड सम्मेलनों के जरिए होगा संगठन का पुनर्गठन
केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि रांची जिले के सभी प्रखंडों में आजसू पार्टी के संगठन का व्यापक पुनर्गठन किया जाएगा. इसके लिए इसी महीने अलग-अलग प्रखंड सम्मेलनों का आयोजन कर प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया गया है. इन सम्मेलनों में मुख्य संगठन के साथ छात्र आजसू, युवा आजसू और महिला आजसू के अलग-अलग कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. संगठन में नई पीढ़ी के युवाओं को अधिक अवसर और जिम्मेदारी देने पर विशेष जोर रहेगा. इस प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए वरिष्ठ पदाधिकारियों को प्रखंड प्रभारी नियुक्त किया गया है. केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो सहित वरिष्ठ नेताओं ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं.
मजबूत संगठन के साथ जनाधार बढ़ाने पर जोर
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि रांची जिले में आजसू पार्टी का संगठन मजबूत स्थिति में है. रांची जिला परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर पार्टी समर्थित प्रतिनिधियों की मौजूदगी को संगठन की राजनीतिक मजबूती और जनाधार का प्रमाण बताया गया. हालांकि, नेताओं ने माना कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए संगठन को और व्यापक बनाने की जरूरत है. बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को पार्टी की नीतियों, विचारधारा और कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया गया. साथ ही युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई.
जनमुद्दों को लेकर जिला से पंचायत स्तर तक संघर्ष करेगी आजसू
बैठक में विभिन्न प्रखंडों के स्थानीय जनमुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई. नेताओं ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाते रहे हैं. अब इन मुद्दों को संगठित स्वरूप देते हुए जिला स्तर पर व्यापक संघर्ष की रणनीति तैयार की जाएगी. बैठक में राज्य सरकार की चुनावी घोषणाओं और मंईयां योजना सहित किए गए वादों पर भी सवाल उठाए गए. वक्ताओं ने आरोप लगाया कि विकास की स्थिति चिंताजनक है और प्रखंड तथा अंचल कार्यालयों में भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं. रांची नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी असंतोष जताया गया. पार्टी ने इन मुद्दों को जनता के बीच उठाने और सरकार को जवाबदेह बनाने का निर्णय लिया.
ट्रैफिक चालान के मुद्दे पर राज्यपाल को सौंपेंगे ज्ञापन
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान रांची जिला प्रशासन की ओर से ट्रैफिक उल्लंघन के नाम पर शहरवासियों के करोड़ों रुपये के चालान काटे जाने पर भी आपत्ति जताई गई. नेताओं का आरोप था कि उस दौरान पर्याप्त यातायात व्यवस्था नहीं होने के कारण आम लोगों को परेशानी हुई. ऐसे में प्रशासन को पहले सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए. दीपावली और छठ महापर्व के दौरान भी सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इस मुद्दे पर चिंता जताई गई. बैठक में निर्णय लिया गया कि आजसू पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की मांग करेगा.
बैठक में कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक की अध्यक्षता रांची जिलाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य संजय महतो ने की, जबकि संचालन कार्यकारी अध्यक्ष हाकिम अंसारी ने किया. मौके पर केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर एवं हसन अंसारी, केंद्रीय महासचिव राजेंद्र मेहता एवं पार्वती देवी, जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत और उपाध्यक्ष वीणा देवी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इसके अलावा केंद्रीय संगठन सचिव जयपाल सिंह, हरीश सिंह, नमन ठाकुर, ज्ञान सिन्हा, परवाज खान, वीरेंद्र तिवारी और छात्र आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा सहित जिला एवं महानगर कमिटी के पदाधिकारी, प्रखंड प्रमुख, उपप्रमुख, पंचायत प्रतिनिधि और विभिन्न अनुषंगी इकाइयों के सदस्य शामिल हुए.

