पत्थर से कूचकर महिला की हत्या, नामजद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
साहिबगंज के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक महिला की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई. मंगलवार सुबह ललमटिया गांव के पास शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान गीता देवी (45) के रूप में हुई है.

Sahebganj: जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के महादेवगंज ललमटिया गांव के पास सोमवार रात एक महिला की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई. मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान शंकर भुईयां की पत्नी गीता देवी (45) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, ललमटिया गांव के पास महिला का शव पड़ा मिला था. उसके सिर पर गहरे जख्म के निशान पाए गए. प्रथमदृष्टया आशंका जताई जा रही है कि पत्थर से वार कर महिला की हत्या की गई. सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की.
नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
मामले में चांदनी गुप्ता के आवेदन पर नामजद आरोपी छोटू राय, पिता अर्जुन राय के खिलाफ जिरवाबाड़ी थाना में कांड संख्या 190/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. हत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है. वहीं, नामजद आरोपी छोटू राय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. थाना प्रभारी शशि सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है. घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


