पटना में मानवता शर्मसार: झारखंड की दो डांसर बहनों से सामूहिक दुष्कर्म, 13 पर केस दर्ज
राजधानी पटना से सटे नौबतपुर इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां झारखंड की रहने वाली दो सगी डांसर बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया गया है.

Patna: राजधानी पटना से सटे नौबतपुर इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां झारखंड की रहने वाली दो सगी डांसर बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया गया है. पीड़ित बहनें मूल रूप से झारखंड के लातेहार जिले की निवासी हैं, जो फिलहाल पटना के मीठापुर में किराए के मकान में रहकर जीवनयापन कर रही थीं. आरोप है कि 18 जून को उन्हें एक तिलक समारोह में डांस परफॉर्मेंस के लिए बुक किया गया था. लेकिन कार्यक्रम स्थल पर ले जाने के बजाय आरोपियों ने उन्हें एक सुनसान जगह पर बंधक बना लिया. इसके बाद आरोपियों ने पूरी रात दोनों बहनों के साथ मारपीट की और बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. इस खौफनाक घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है.
तिलक समारोह के बहाने बुलाया और किया अगवा
पीड़िताओं द्वारा पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, नौबतपुर के भेलुरा रामपुर निवासी मुन्ना कुमार ने दोनों बहनों को एक मांगलिक कार्यक्रम में डांस करने के लिए 8 हजार रुपये में तय किया था. वह उन्हें अपनी स्कूटी पर बैठाकर मीठापुर से अपने गांव के लिए निकला था. लेकिन गांव पहुंचने के बाद मुन्ना कुमार की नीयत बदल गई. उसने अपने चचेरे भाई सूरज कुमार, दोस्त भानु कुमार और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर दोनों बहनों को जबरन अलग-अलग जगहों पर छिपा दिया और बंधक बना लिया. जब युवतियों ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद आरोपियों ने पूरी रात उनके साथ दरिंदगी की.
फुलवारीशरीफ में शोर मचाने पर हरकत में आई पुलिस
रात भर इस खौफनाक मंजर को झेलने के बाद, 19 जून की सुबह आरोपी दोनों बहनों को वापस छोड़ने के लिए एक गाड़ी से लेकर निकले. इसी दौरान, जैसे ही वाहन पटना के फुलवारीशरीफ इलाके में पहुंचा, दोनों बहादुर बहनों ने हिम्मत दिखाते हुए अचानक जोर-जोर से शोर मचाना और मदद की गुहार लगाना शुरू कर दिया. लड़कियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए और उन्होंने तुरंत डायल-112 पुलिस को इसकी सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवतियों को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया. शुरुआत में उन्हें फुलवारीशरीफ थाने ले जाया गया, जहां से मामला दर्ज होने के बाद उन्हें नौबतपुर पुलिस को सौंप दिया गया.
13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, पुलिस की छापेमारी जारी
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है. नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि पीड़िताओं के लिखित आवेदन के आधार पर मुन्ना कुमार, सूरज कुमार और भानु कुमार सहित 3 नामजद और 10 अज्ञात (कुल 13 लोगों) के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में से एक को हिरासत में ले लिया है, जिससे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है. फॉरेंसिक (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस की विशेष टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं, और पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.





Leave a comment