अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़ा जनसैलाब, 30 लाख रसगुल्ले तैयार, घुड़दौड़ के विजेता को मिलेगी थार
बिहार के मोकामा में अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को लेकर भव्य आयोजन किया गया है. नदवां में लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना है. 30 लाख रसगुल्ले, घुड़दौड़ में थार का इनाम और VIP मेहमानों की मौजूदगी शादी को चर्चा में ला रही है.

Mokama : - बिहार के मोकामा से पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों खूब चर्चा में है. पटना के नदवां स्थित अनंत सिंह के पैतृक गांव में शादी समारोह को लेकर भव्य तैयारियां की गई है. शादी में 4 से 5 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. वहीं, कुछ लोगों का दावा है कि मेहमानों और आम लोगों की संख्या 7 से 8 लाख तक पहुंच सकती है. गांव में मेले जैसा माहौल है. सड़क से लेकर समारोह स्थल तक लोगों की भारी भीड़ जुट रही है. अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी का रिश्ता पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर के रहने वाले ऋषिकेश कुमार से तय किया है. ऋषिकेश पिछले कई वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं. शादी समारोह में राजनीतिक जगत की कई बड़ी हस्तियों के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है.
घुड़दौड़ में विजेता को थार, दूसरे को बाइक और तीसरे को स्कूटी
बेटी की शादी को खास बनाने के लिए अनंत सिंह के यहां घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है. इसमें जीतने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक इनाम रखे गए हैं. प्रतियोगिता में पहले स्थान पर आने वाले को थार गाड़ी, दूसरे स्थान पर रहने वाले को बाइक और तीसरे विजेता को स्कूटी दी जाएगी. घुड़दौड़ देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग नदवां पहुंच रहे हैं. अनंत सिंह खुद भी प्रतियोगिता की तैयारियों का जायजा लेते नजर आए. इनाम में दी जाने वाली गाड़ियां भी गांव पहुंच चुकी है.
30 लाख रसगुल्ले तैयार, काले और सफेद दोनों तरह की मिठाइयां
शादी में मेहमानों के स्वागत और खाने-पीने के इंतजाम भी बड़े पैमाने पर किए गए हैं. अनंत सिंह के यहां करीब 30 लाख रसगुल्ले तैयार कराए जाने की जानकारी सामने आई है. इनमें काले और सफेद दोनों तरह के रसगुल्ले शामिल हैं. इन्हें बड़े-बड़े भगोनों में भरकर रखा गया है. अनुमान है कि शादी में लाखों की संख्या में लोग पहुंच सकते हैं. अनंत सिंह के करीबी गुंजन सिंह ने भी 7 से 8 लाख लोगों के आने की संभावना जताई है. गांव में भीड़ इतनी बढ़ गई है कि बड़ी संख्या में लोग पैदल ही समारोह स्थल की ओर पहुंच रहे हैं.
ललन सिंह और बृजभूषण शरण सिंह समेत कई VIP मेहमान पहुंचे
शादी समारोह में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की चर्चित हस्तियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह नदवां पहुंच चुके हैं. बीजेपी नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का हेलीकॉप्टर भी गांव में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा. पूर्व सांसद रामा सिंह भी समारोह में शामिल होने पहुंचे. वहीं, अनंत सिंह की बेटी को आशीर्वाद देने के लिए साधु यादव भी पहुंचे. उन्होंने मीडिया से बातचीत में इसे खुशी का मौका बताया और कहा कि बिहार की बेटी की शादी है, इसलिए खुशी की बात है.
समर्थक के पास राइफल और 500 राउंड गोली, सुरक्षा को लेकर चर्चा
शादी समारोह के बीच अनंत सिंह के एक समर्थक का वीडियो भी चर्चा में है. वीडियो में समर्थक राइफल के साथ पहुंचने और अपने पास 500 राउंड गोली होने की बात कहता नजर आ रहा है. हालांकि, उसने यह भी कहा कि शादी में फायरिंग नहीं होगी और हथियार सुरक्षा के लिहाज से रखा गया है. दूसरी तरफ, लाखों लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए मोकामा में पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है. यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं. समारोह स्थल तक केवल खास मेहमानों और बड़े लोगों की गाड़ियों को जाने की अनुमति दी जा रही है, जबकि अन्य वाहनों को कुछ दूरी पर रोकने की व्यवस्था की गई है.
मेहंदी-संगीत में नीलम देवी ने लगाए ठुमके, वीडियो वायरल
शादी से पहले मंगलवार को अनंत सिंह के घर मेहंदी और संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी 'मेहंदी लगा के रखना' गाने पर डांस करती नजर आ रही हैं. बेटी की शादी की खुशियों में पूरा परिवार शामिल है. वहीं, नदवां में उमड़ रही भीड़, घुड़दौड़ प्रतियोगिता, लाखों रसगुल्लों का इंतजाम और VIP मेहमानों की मौजूदगी ने इस शादी को बिहार में चर्चा का बड़ा विषय बना दिया है.
संबंधित ख़बरें
और BIHAR ख़बरेंअनंत सिंह की बेटी की हल्दी में नोटों की गड्डियां लेकर पहुंचा शख्स, महिला कलाकार ने हाथ जोड़कर किया मना
नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप, रांची-पटना समेत कई शहरों में महसूस हुए झटके
बिहार विधान परिषद में 8 नए सदस्यों की एंट्री, शपथ समारोह में सम्राट चौधरी-तेजस्वी और प्रशांत किशोर रहे मौजूद

नीतीश सेतु पर पोस्टर फाड़ने के मामले में पुलिस का एक्शन, 3 आरोपी जेल भेजे गए; 150 अज्ञात पर FIR

खराब मौसम के बीच पटना पहुंचे पीएम मोदी, नीतीश सेतु का किया उद्घाटन

शेरघाटी में चलती CNG कार में लगी आग, शीशा तोड़कर दो लोगों ने बचाई जान


