स्वच्छता ही सेवा क्रिकेट लीग का आगाज, चार टीमों के बीच होगा मुकाबला
देवघर नगर निगम की ओर से स्वच्छता ही सेवा क्रिकेट लीग 2026 का शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता में नगर निगम एकादश, पार्षद एकादश, सफाई शाखा एकादश और एमएसडब्ल्यूएम एकादश की टीमें हिस्सा ले रही हैं. रंजन कुमार को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया.

Deoghar:- झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा और स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत देवघर नगर निगम की ओर से रविवार को केकेएन स्टेडियम में स्वच्छता ही सेवा क्रिकेट लीग प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता के उद्घाटन के मौके पर नगर आयुक्त सुलोचना मीणा और अपर नगर आयुक्त रजनीश कुमार मौजूद रहे. दोनों अधिकारियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और टॉस कराकर प्रतियोगिता की शुरुआत की. इस लीग में नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सफाई मित्रों और सहयोगी संस्था के कर्मियों की चार टीमें हिस्सा ले रही हैं. प्रतियोगिता में नगर निगम एकादश, पार्षद एकादश, सफाई शाखा एकादश और एमएसडब्ल्यूएम एकादश की टीमें शामिल हैं. उद्घाटन मुकाबले में सफाई शाखा एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. मैच को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला. आयोजन का उद्देश्य स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के साथ नगर निगम के कर्मचारियों के बीच आपसी तालमेल और खेल भावना को बढ़ावा देना है.
एमएसडब्ल्यूएम एकादश ने पिछले मुकाबले में दर्ज की जीत
प्रतियोगिता के तहत इससे पहले सफाई मित्र एकादश और एमएसडब्ल्यूएम एकादश के बीच मुकाबला खेला गया था. इसमें सफाई मित्र एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 116 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमएसडब्ल्यूएम एकादश ने आक्रामक बल्लेबाजी की और महज नौ ओवर में 117 रन बनाकर मैच जीत लिया. एमएसडब्ल्यूएम एकादश की जीत में रंजन कुमार की अहम भूमिका रही. उन्होंने महज 21 गेंदों में 67 रनों की शानदार पारी खेली. इसके साथ ही गेंदबाजी में भी दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए. उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया.
विजेता और उपविजेता टीम को मिलेगा नकद पुरस्कार
नगर प्रबंधक सतीश कुमार दास के अनुसार, प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीम को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा. इससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने और प्रतियोगिता को प्रतिस्पर्धात्मक बनाने में मदद मिलेगी. लीग का अगला मुकाबला आगामी रविवार को खेला जाएगा.
खेल से मजबूत होगी आपसी एकजुटता
उद्घाटन के दौरान नगर आयुक्त सुलोचना मीणा और अपर नगर आयुक्त रजनीश कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि खेलकूद से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है. इसके साथ ही आपसी सहयोग, अनुशासन और सामूहिक भावना भी मजबूत होती है. उन्होंने सभी टीमों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की. नगर निगम की इस पहल से स्वच्छता अभियान को कर्मचारियों की भागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और सफाई मित्रों को एक मंच पर लाकर आपसी समन्वय, सौहार्द और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा रहा है. प्रतियोगिता को लेकर नगर निगम कर्मियों और प्रतिभागियों में उत्साह देखा जा रहा है.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
फर्जी APK फाइल भेजकर करते थे साइबर ठगी, देवघर में तीन शातिर गिरफ्तार

संताल परगना का पहला डेंटल कॉन्फ्रेंस देवघर में शुरू, आधुनिक तकनीकों पर हुआ मंथन
रांची में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग

रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, रजरप्पा जा रहे 13 श्रद्धालुओं की मौत, 4 बच्चे और 4 महिलाएं भी शामिल,राष्ट्रपति, पीएम और सीएम ने भी जताया शोक

हेमंत सरकार के खिलाफ BJP की चार्जशीट, अभिषेक भारती के मामले को बनाया बड़ा मुद्दा; सात साल के शासन पर सवाल

साहिबगंज के मजहर टोला में महिला को झांकने के विवाद में मारपीट, आधा दर्जन से अधिक घायल


