धनबाद के तोपचांची में सड़क विवाद बना खूनी संघर्ष, मुखिया समेत 6 लोग घायल
“धनबाद जिले के तोपचांची क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर विवाद खूनी झड़प में बदल गया. सिंघदाहा दास टोला में पीसीसी सड़क बनाने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडे और धारदार हथियार चल गए. इस हिंसा में गांव के मुखिया हरिचरण दास समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.”

Dhanbad: जिले के तोपचांची इलाके में सोमवार को सड़क निर्माण को लेकर विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया. सिंघदाहा दास टोला में पीसीसी सड़क निर्माण के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे. इस झड़प में गांव के मुखिया हरिचरण दास समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
जमीन विवाद से भड़की हिंसा, रॉड और चाकू से हमला
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, श्मशान घाट तक जाने वाली सड़क का निर्माण विधायक मद से कराया जा रहा था. इसी दौरान जमीन के स्वामित्व और रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. बताया जा रहा है कि एक पक्ष के सुनील दास को रास्ते में रोककर दूसरे पक्ष के लोगों ने घेर लिया और उन पर लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर दिया. आवाज सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया. इस दौरान मुखिया हरिचरण दास को भी गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके पुत्र अनुज कुमार दास के गले में चाकू लगने की बात सामने आई है. दो महिलाओं के भी घायल होने की सूचना है.
पुलिस कर रही जांच
घटना में घायल सभी लोगों को धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है. मुखिया की हालत नाजुक बताई जा रही है और जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा सकता है. तोपचांची थाना प्रभारी अजय भारती ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जो बाद में हिंसक रूप ले लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

