Ranchi SSC GD Exam Cheating Case: परीक्षा में नकल करते 6 गिरफ्तार, पंडरा सेंटर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
“राजधानी में रविवार सुबह एसएससी जीडी (स्टाफ सिलेक्शन कमीशन-जनरल ड्यूटी) परीक्षा के दौरान चीटिंग का बड़ा मामला सामने आया है. रांची पुलिस ने पंडरा स्थित एक ऑनलाइन एग्जाम सेंटर से छह लोगों को गिरफ्तार किया है.”

Ranchi: राजधानी में रविवार सुबह एसएससी जीडी (स्टाफ सिलेक्शन कमीशन-जनरल ड्यूटी) परीक्षा के दौरान चीटिंग का बड़ा मामला सामने आया है. रांची पुलिस ने पंडरा स्थित एक ऑनलाइन एग्जाम सेंटर से छह लोगों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई एसएससी से मिली सूचना के आधार पर की गई. पुलिस के मुताबिक, परीक्षा के दौरान कुछ अभ्यर्थियों द्वारा कदाचार किए जाने की जानकारी मिली थी. सूचना मिलते ही रांची पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में ले लिया.
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि पंडरा स्थित परीक्षा केंद्र में एसएससी जीडी परीक्षा के दौरान नकल कराने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया. फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है. जानकारी के अनुसार, परीक्षा में गड़बड़ी की सूचना सबसे पहले एसएससी को मिली थी. इसके बाद आयोग की ओर से रांची पुलिस को अलर्ट किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की.
हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि परीक्षा में चीटिंग किस तरीके से की जा रही थी. पुलिस पूरे नेटवर्क और तकनीक की जांच में जुटी हुई है. पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा. एसएससी जीडी परीक्षा में नकल का मामला सामने आने के बाद परीक्षा व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.

