देवघर: निशा भगत की मौत पर भाजपा का हल्लाबोल, हेमंत सोरेन का पुतला फूंका
आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत को लेकर देवघर में भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. सत्संग नगर के शंख चौक और लाखोरिया मोड़ पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की.

Deoghar: आदिवासी समाज की युवा नेत्री निशा भगत की मौत को लेकर भाजपा ने शनिवार को राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. निशा भगत को न्याय दिलाने और मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सत्संग नगर मंडल के शंख चौक और लाखोरिया मंडल के लाखोरिया मोड़ पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए. भाजपा नेताओं ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो.
भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन की भूमिका पर उठाए सवाल
सत्संग नगर मंडल की ओर से शंख चौक पर आयोजित प्रदर्शन में भाजपा नेताओं ने कहा कि निशा भगत जनजातीय समाज के हक-अधिकारों के लिए आवाज उठाती थीं. नेताओं के मुताबिक, मौत से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो जारी कर कुछ लोगों पर मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना तथा चरित्र हनन के आरोप लगाए थे. उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की थी. भाजपा नेताओं ने सवाल उठाया कि शिकायतों के बावजूद समय रहते ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई. वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है. उन्होंने पूरे मामले की गंभीरता से जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की.
लाखोरिया मंडल ने भी किया पुतला दहन
दूसरी ओर, भाजपा लाखोरिया मंडल के अध्यक्ष के नेतृत्व में लाखोरिया मोड़ पर भी मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया. प्रदर्शनकारियों ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए निशा भगत की मौत से जुड़े आरोपों की गहन जांच की मांग की. कार्यकर्ताओं ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए इसे सीबीआई को सौंपा जाना चाहिए, ताकि किसी भी तरह की आशंका दूर हो सके. सत्संग नगर के कार्यक्रम में रीता चौरसिया, पंकज सिंह भदौरिया, विजया सिंह और रमेश राय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे. वहीं लाखोरिया में श्रीकांत राय, कुंदन राय, दयानंद राय, गौतम राय और रोशन मिश्रा सहित अन्य लोग शामिल हुए.

