दीपावली का प्रकाश हर घर में खुशहाली और समृद्धि लाए : बादल पत्रलेख
झारखंड के पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों और देवघर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कामना की कि दीपावली का प्रकाश हर घर में सुख, शांति और समृद्धि लाए.

Deoghar: झारखंड के पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने दीपावली के पावन अवसर पर राज्यवासियों और देवघर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कामना की कि प्रकाश का यह महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए. अपने शुभकामना संदेश में बादल पत्रलेख ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है. यह त्योहार हमें आपसी प्रेम, सद्भाव, एकता और भाईचारे के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.
जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों का उजाला पहुंचाने की अपील
पूर्व कृषि मंत्री ने लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सौहार्द के वातावरण में दीपावली मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि त्योहार की सार्थकता तभी है, जब समाज का हर वर्ग खुशियों में शामिल हो और जरूरतमंदों के जीवन में भी उजाला पहुंचे. बादल पत्रलेख ने झारखंड की सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता को राज्य की ताकत बताते हुए पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने तथा सुरक्षित दीपावली मनाने का आग्रह किया. अंत में उन्होंने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की. साथ ही झारखंड के निरंतर विकास और खुशहाली की प्रार्थना की.

