छठ घाटों पर व्यवस्था दुरुस्त करने उतरे मेयर, तीन प्रमुख तालाबों का किया निरीक्षण
छठ महापर्व को लेकर देवघर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मेयर रवि कुमार राउत ने छत्तीसी, महादेवातारी और कुंडा तालाब छठ घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था समय पर पूरी करने का निर्देश दिया.

Deoghar: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर देवघर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मेयर रवि कुमार राउत ने शनिवार को निगम क्षेत्र के तीन प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया. उन्होंने वार्ड संख्या 24 स्थित छत्तीसी तालाब, वार्ड संख्या 28 के महादेवातारी तालाब और वार्ड संख्या 36 के कुंडा तालाब पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने घाटों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए.
सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था समय पर पूरी करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान मेयर ने तीनों तालाबों में घाटों की साफ-सफाई, जलस्तर, बैरिकेडिंग, पहुंच पथ की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी जरूरी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं. मेयर रवि कुमार राउत ने कहा कि छठव्रतियों की सुविधा और सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है. घाटों पर स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित पहुंच पथ और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए.
पूजा समितियों और नागरिकों से सहयोग की अपील
मेयर ने स्थानीय पूजा समितियों और नागरिकों से छठ महापर्व की पवित्रता एवं स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि घाटों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाना जरूरी है. निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 24 में पूर्व पार्षद दिनेश यादव, छत्तीसी पूजा समिति के सदस्य और छोटू भाई उपस्थित थे. वार्ड संख्या 28 में महादेवातारी पूजा समिति के राजा भगत, राजा भाई समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे. वहीं, वार्ड संख्या 36 के कुंडा छठ पूजा समिति से मुकुंद, नीतीश और अन्य सदस्य भी निरीक्षण के दौरान शामिल हुए.

