रणबीर कपूर के एक बयान ने चौंकाया, एक्टिंग के बाद अब इस नई पारी की तैयारी में हैं एक्टर
रणबीर कपूर ने एक पॉडकास्ट में कहा कि एक अभिनेता के तौर पर यह उनका आखिरी दशक हो सकता है. हालांकि, उन्होंने एक्टिंग छोड़ने का ऐलान नहीं किया है. रणबीर अगले दो-तीन साल में निर्देशन के क्षेत्र में डेब्यू करने की योजना बना रहे हैं.

Ranbir Kapoor on Acting Retirement:- बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर सुर्खियों में हैं. इसी बीच BBC Asian Network के एक पॉडकास्ट में कही गई उनकी बात ने फैंस का ध्यान खींच लिया है. रणबीर ने अपने अभिनय करियर के भविष्य को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके संन्यास की चर्चा शुरू हो गई.
एक अभिनेता के तौर पर यह मेरा आखिरी दशक
रणबीर कपूर हाल ही में अपनी को-स्टार साई पल्लवी के साथ एक पॉडकास्ट में शामिल हुए थे. बातचीत के दौरान उन्होंने अपने व्यस्त शेड्यूल और लगातार फिल्मों में काम करने के बारे में बताया. इसी दौरान रणबीर ने कहा कि उन्हें लगता है कि एक अभिनेता के तौर पर यह उनका आखिरी दशक है. उनकी यह बात सुनकर साई पल्लवी भी हैरान रह गईं और उन्होंने इसकी वजह पूछी. हालांकि, रणबीर ने आगे अपनी बात स्पष्ट करते हुए बताया कि उनका इशारा उन खास तरह के किरदारों और फिल्मों की ओर था, जिनमें वह इन दिनों काम कर रहे हैं.
दो-तीन साल में निर्देशन की शुरुआत करना चाहते हैं रणबीर
पॉडकास्ट के दौरान रणबीर कपूर ने अपने भविष्य के प्लान का भी खुलासा किया. उन्होंने बताया कि वह अगले दो से तीन साल में निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखना चाहते हैं. इसके लिए पहले वह अपनी मौजूदा फिल्मों को पूरा करना चाहते हैं. रणबीर के इस बयान से साफ है कि वह अभिनय के साथ-साथ फिल्म निर्माण के दूसरे पहलुओं में भी दिलचस्पी रखते हैं. हालांकि, उन्होंने एक्टिंग छोड़ने का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है.
सोशल मीडिया पर फैंस ने जताई चिंता
रणबीर के बयान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. कई लोगों ने कहा कि वे उन्हें लंबे समय तक बड़े पर्दे पर देखना चाहते हैं. एक यूजर ने X पर लिखा कि रणबीर को अभी कई सालों तक फिल्मों में काम करना चाहिए. फिलहाल रणबीर कपूर के संन्यास को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में उनके बयान को अभिनय छोड़ने का अंतिम फैसला मानना जल्दबाजी होगी.

