अमिताभ बच्चन की बिगड़ी तबीयत, KBC 18 की शूटिंग पर लगा ब्रेक, पुराने एपिसोड दिखाएगा चैनल
अमिताभ बच्चन की तबीयत खराब होने के चलते KBC 18 की शूटिंग पर फिलहाल ब्रेक लगने की खबर है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिग बी को सीजनल फ्लू की आशंका है और वह आराम कर रहे हैं. इस दौरान सोनी टीवी पुराने एपिसोड दिखा सकता है.

Amitabh Bachchan Health:- बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमिताभ बच्चन की तबीयत खराब होने के चलते लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' (KBC 18) की शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है. बताया जा रहा है कि बिग बी को आराम करने की सलाह दी गई है. वहीं, शूटिंग रुकने के दौरान सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन शो के पुराने एपिसोड प्रसारित कर सकता है.
अमिताभ बच्चन की तबीयत क्यों हुई खराब?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, अमिताभ बच्चन ने हाल ही में फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड' की टीम के साथ एक स्पेशल एपिसोड शूट किया था. इस एपिसोड में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, रवि दुबे और निर्देशक नितेश तिवारी शामिल हुए थे. इसके बाद अमिताभ बच्चन ने करीब दो सप्ताह का ब्रेक लिया. रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और उन्हें सीजनल फ्लू होने की आशंका थी. इसी वजह से टीम ने उन्हें आराम करने का समय दिया.
KBC 18 के नए एपिसोड की जगह दिखेंगे पुराने एपिसोड
अमिताभ बच्चन की तबीयत को देखते हुए KBC 18 की शूटिंग कुछ समय के लिए रोक दी गई है. ऐसे में दर्शकों को फिलहाल शो के नए एपिसोड की जगह पुराने एपिसोड देखने को मिल सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, अमिताभ बच्चन के अगले सप्ताह तक शूटिंग पर लौटने की उम्मीद जताई गई थी. वहीं, नए एपिसोड 16 नवंबर से प्रसारित होने की बात भी सामने आई थी.
क्या सुरक्षा कारणों से लिया गया शूटिंग से ब्रेक?
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में अमिताभ बच्चन के ब्रेक को सुरक्षा कारणों से भी जोड़कर देखा गया. दरअसल, मुंबई के मेयर को धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद अमिताभ बच्चन के घर 'जलसा' के आसपास सुरक्षा बढ़ाए जाने की खबरें सामने आई थीं. इसके अलावा, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस की जांच के दौरान एक जाने-माने स्टार की प्रॉपर्टी की रेकी किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी. हालांकि, रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से स्पष्ट किया गया कि KBC 18 की शूटिंग रुकने का सुरक्षा व्यवस्था से कोई संबंध नहीं है.
फैंस को अमिताभ बच्चन की वापसी का इंतजार
अमिताभ बच्चन लंबे समय से KBC के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं. ऐसे में उनकी तबीयत को लेकर खबर सामने आने के बाद फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं. अब दर्शकों को उनके दोबारा KBC 18 के सेट पर लौटने का इंतजार है.

