'एक नई उम्मीद जगी है...' हनुमान अंश के सिंगर सुनील लोधी की आंखों का इलाज शुरू, दुनिया देखने की जगी आस
'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' भजन से लोकप्रिय हुए सुनील लोधी की आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो गई है. उन्होंने भावुक पोस्ट लिखकर दुनिया देखने की उम्मीद जताई है.

Sunil Lodhi Eye Treatment:- कभी अपनी आवाज से लोगों का दिल जीतने वाले दृष्टिबाधित लोक गायक सुनील लोधी की जिंदगी में अब रोशनी लौटने की उम्मीद जगी है. फिल्म 'हनुमान अंश' के चर्चित भजन 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' को अपनी आवाज देने वाले सुनील लोधी की आंखों का इलाज शुरू हो गया है. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल के बाद उनके उपचार की प्रक्रिया आगे बढ़ी है. इलाज शुरू होने के बाद सुनील ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपनी उम्मीद और भावनाएं जाहिर की हैं.
आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू, सुनील ने साझा की खुशी
सुनील लोधी ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक आई क्लिनिक की तस्वीरें साझा कीं. इसके साथ उन्होंने बताया कि उनकी आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. सुनील ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'हे ईश्वर! आपने अब तक बहुत सहारा दिया है, हर मुश्किल में हौसला दिया है. आज मेरी आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.' उन्होंने आगे लिखा कि सभी की दुआओं और आशीर्वाद से उनके जीवन में एक नई उम्मीद जगी है. उनकी सबसे बड़ी इच्छा है कि उनके जीवन में भी रोशनी लौट आए और वह इस खूबसूरत दुनिया को अपनी आंखों से देख सकें. सुनील की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उठाई इलाज की जिम्मेदारी
सुनील लोधी की कहानी और उनकी प्रतिभा सामने आने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके इलाज में मदद का भरोसा दिया था. मुख्यमंत्री के निर्देश पर सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में उनका स्वास्थ्य परीक्षण और आंखों की विस्तृत जांच कराई गई. इसके बाद उनके उपचार की प्रक्रिया शुरू हुई. बुंदेली दुनिया नाम के इंस्टाग्राम पेज ने भी इस संबंध में जानकारी साझा की. पोस्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री की इच्छा के अनुसार सुनील का मेडिकल परीक्षण कराया गया और आंखों की जांच की गई. अब इलाज शुरू होने के बाद सुनील और उनके परिवार को बेहतर परिणाम की उम्मीद है.
'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' भजन से मिली पहचान
सुनील लोधी को इस साल रिलीज हुई फिल्म 'हनुमान अंश' के भजन 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' से बड़ी पहचान मिली. उनकी भावपूर्ण आवाज और गायकी ने श्रोताओं को काफी प्रभावित किया. दृष्टिबाधित होने के बावजूद संगीत के प्रति उनका जुनून कभी कम नहीं हुआ. इस गाने के जरिए उनकी प्रतिभा बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंची और सोशल मीडिया पर भी उन्हें खूब लोकप्रियता मिली.
छोटे गांव से निकली आवाज ने बनाई बड़ी पहचान
सुनील लोधी मध्य प्रदेश के सागर जिले के छोटे से गांव अगरा के रहने वाले हैं. बचपन से ही उन्हें गाने और भजन गाने का शौक था. स्कूल के दिनों में वह अक्सर भजन और गीत गाया करते थे. उनके शिक्षक और सहपाठी भी उनसे गाने सुनने की फरमाइश करते थे. धीरे-धीरे उनकी गायकी की चर्चा गांव से बाहर पहुंचने लगी. इसी दौरान किसी ने उन्हें यूट्यूबर रोहित साहू के बारे में बताया. रोहित साहू ने अपने बुंदेली चैनल पर सुनील का एक वीडियो अपलोड किया, जो काफी वायरल हुआ. इसके बाद सुनील की आवाज को व्यापक पहचान मिलने लगी. अब सुनील की जिंदगी में एक नया मोड़ आया है. जिस आवाज ने लाखों लोगों को भावुक किया, उस आवाज के मालिक की आंखों में भी दुनिया देखने का सपना है. इलाज शुरू होने के बाद उनकी उम्मीदें बढ़ी हैं. हालांकि, उनकी आंखों की रोशनी कितनी लौट पाएगी, यह मेडिकल जांच और उपचार के परिणाम पर निर्भर करेगा.

