Kanika Kapoor Divorce: बेबी डॉल सिंगर कनिका कपूर की दूसरी शादी भी टूटी, 4 साल बाद पति गौतम हाथीरमानी से हुईं अलग
बेबी डॉल फेम सिंगर कनिका कपूर ने अपने पति गौतम हाथीरमानी से शादी के चार साल बाद अलग होने का फैसला किया है. कनिका ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी और लोगों से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की. बता दें कि यह कनिका की दूसरी शादी थी. पहली शादी से उनके तीन बच्चे हैं.

Kanika Kapoor Separation News:- बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर की निजी जिंदगी से एक बड़ी खबर सामने आई है. 'बेबी डॉल' फेम कनिका कपूर ने अपने पति गौतम हाथीरमानी से अलग होने का फैसला किया है. शादी के करीब चार साल बाद दोनों ने आपसी सहमति से अपनी राहें जुदा कर ली हैं. सिंगर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस खबर की पुष्टि की और लोगों से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की.
कनिका कपूर ने सोशल मीडिया पर दी अलग होने की जानकारी
कनिका कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए पति गौतम हाथीरमानी से अलग होने की जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि काफी सोच-विचार करने के बाद दोनों ने यह फैसला लिया है. कनिका ने साथ बिताए समय के लिए आभार जताया और गौतम के बेहतर भविष्य की कामना की. सिंगर ने अपनी पोस्ट में लोगों से अपील की कि इस मुश्किल समय में उनकी निजता का सम्मान किया जाए और उनके प्रति प्यार व समझदारी बनाए रखी जाए.
2022 में धूमधाम से हुई थी कनिका और गौतम की शादी
कनिका कपूर और गौतम हाथीरमानी ने साल 2022 में शादी की थी. दोनों एक-दूसरे को कई सालों से जानते थे. उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और फिर दोनों ने शादी करने का फैसला किया. शादी के बाद कनिका की जिंदगी में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई थी. हालांकि, अब चार साल बाद दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया है.
पहली शादी भी नहीं चली थी, तीन बच्चों की मां हैं कनिका
गौतम हाथीरमानी से पहले कनिका कपूर की शादी साल 1998 में NRI डॉक्टर राज चंदोक से हुई थी. हालांकि, उनका यह रिश्ता भी लंबे समय तक नहीं चल पाया और साल 2012 में दोनों का तलाक हो गया. पहली शादी से कनिका के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं. कनिका ने कम उम्र में शादी की थी और महज 25 साल की उम्र में तीन बच्चों की मां बन गई थीं. पहली शादी टूटने के बाद उन्होंने अकेले ही अपने बच्चों की परवरिश की और अपने करियर को भी आगे बढ़ाया.
तलाक की खबरों पर कनिका ने दी सफाई
दूसरी शादी टूटने की खबरों के बीच कनिका कपूर ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर सामने आ रही कुछ खबरों पर भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने उन दावों को गलत बताया, जिनमें कहा जा रहा था कि वह गौतम के साथ नाइजीरिया के लागोस में नहीं रहना चाहती थीं. बताया जा रहा है कि इस अलगाव से गौतम भी काफी भावुक हैं. वहीं कनिका ने अपनी जिम्मेदारियों और बच्चों की परवरिश पर ध्यान देने की बात कही है.
'बेबी डॉल' और 'चिट्टियां कलाइयां' से मिली खास पहचान
कनिका कपूर बॉलीवुड की जानी-मानी प्लेबैक सिंगर हैं. उन्होंने अपने करियर में कई हिट गाने दिए हैं. 'बेबी डॉल', 'चिट्टियां कलाइयां', 'जुगनी जी', 'टुकुर टुकुर' और 'गेंदा फूल' जैसे गानों ने उन्हें देशभर में लोकप्रियता दिलाई. फिलहाल कनिका कपूर और गौतम हाथीरमानी के अलग होने की खबर चर्चा में है. फैंस उनके इस फैसले पर दुख जता रहे हैं और दोनों के बेहतर भविष्य की कामना कर रहे हैं.

