Honey Singh Nephew Death: सड़क हादसे में भतीजे को खोकर टूटे यो यो हनी सिंह, बोले- मेरे लिए अंधकारमय दशक
जालंधर में भीषण सड़क हादसे में यो यो हनी सिंह के भतीजे विदित ओलक और उनके दोस्त आरव तलवार की मौत हो गई. इस दुखद घटना के बाद सिंगर ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द साझा किया.

Jalandhar:- मशहूर रैपर यो यो हनी सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पंजाब के जालंधर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में उनके भतीजे विदित ओलक और उनके दोस्त आरव तलवार की मौत हो गई. इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. भतीजे की मौत की खबर से आहत हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं जाहिर की हैं. उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी में छलकता दर्द अब चर्चा में है.
भतीजे की मौत से सदमे में हनी सिंह
हनी सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "यह मेरे लिए एक अंधकारमय दशक है. अपने भतीजे को खोना बेहद दुखद है." इसके साथ ही उन्होंने भोलेनाथ को याद करते हुए आशीर्वाद और कृपा की कामना की. हनी सिंह की इस पोस्ट से अंदाजा लगाया जा सकता है कि परिवार के लिए यह नुकसान कितना बड़ा है.
बर्थडे पार्टी से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार तड़के जालंधर के पुलिस लाइन्स इलाके के पास फ्लाईओवर पर हुआ. विदित ओलक अपने दोस्त आरव तलवार के साथ एक दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी वोक्सवैगन कार सड़क पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की जान चली गई.
दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
विदित ओलक, पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश ओलक के बेटे थे और रिश्ते में हनी सिंह के भतीजे लगते थे. वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले आरव तलवार प्रसिद्ध पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे बताए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, कार में कुल पांच लोग सवार थे, लेकिन हादसे से पहले तीन अन्य लोग घर लौट चुके थे.
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक
इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है. सोशल मीडिया पर भी फैंस और संगीत जगत से जुड़े लोग शोक व्यक्त कर रहे हैं. हनी सिंह की पोस्ट ने उनके प्रशंसकों को भावुक कर दिया है. जिस कलाकार के गानों पर लाखों लोग झूमते हैं, वह आज अपने परिवार के एक सदस्य को खोने के दर्द से गुजर रहा है. जालंधर का यह हादसा दो परिवारों के लिए कभी न भरने वाला जख्म छोड़ गया है.

