Virat Kohli Run Record: विराट कोहली ने रचा इतिहास, वनडे में नंबर-3 पर 13 हजार रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने
विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम किया. वह वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए.

Virat Kohli Record:- भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में इतिहास रच दिया है. ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले जा रहे मैच में विराट कोहली वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने अपनी पारी के दौरान 12 रन बनाकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की.
विराट कोहली ने रिकी पोंटिंग को छोड़ा पीछे
विराट कोहली अब वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने इस स्थान पर खेलते हुए 254 मैचों में 13 हजार रन पूरे किए हैं. इस दौरान उनका औसत 61.60 का रहा है और उनके बल्ले से 48 शतक और 69 अर्धशतक निकले हैं. इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग दूसरे स्थान पर हैं. पोंटिंग ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 12,662 रन बनाए थे. वहीं श्रीलंका के कुमार संगकारा 9,747 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका
विराट कोहली के पास इस मुकाबले में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है. वह वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं. फिलहाल यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के नाम है, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 1,971 रन बनाए हैं. विराट कोहली के नाम कीवी टीम के खिलाफ 1,909 रन दर्ज हैं. पोंटिंग को पीछे छोड़ने के लिए विराट को 63 रन और बनाने होंगे.
सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी निशाने पर
विराट कोहली के निशाने पर क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड भी है. वनडे क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल सचिन के नाम है. सचिन तेंदुलकर ने वनडे रनचेज में 8,720 रन बनाए हैं. वहीं विराट कोहली के नाम 8,679 रन दर्ज हैं. इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए विराट को 42 रन और बनाने होंगे. रनचेज में विराट का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. उन्होंने इस दौरान 66.16 के औसत से रन बनाए हैं. उनके नाम 30 शतक और 45 अर्धशतक भी दर्ज हैं.
न्यूजीलैंड की धरती पर 1000 इंटरनेशनल रन के करीब विराट
विराट कोहली न्यूजीलैंड की धरती पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1,000 रन पूरे करने के भी करीब हैं. इसके लिए उन्हें 47 रन की जरूरत थी. अब तक न्यूजीलैंड में 1,000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और मोहम्मद अजहरुद्दीन शामिल हैं.
विराट के नाम एक और ऐतिहासिक उपलब्धि
18 अगस्त 2008 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे क्रिकेट में डेब्यू करने वाले विराट कोहली लगातार नए रिकॉर्ड बना रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सीरीज उनके लिए कई बड़े व्यक्तिगत रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका लेकर आई है. अब क्रिकेट फैंस की नजर इस बात पर रहेगी कि विराट इस मुकाबले में सचिन और पोंटिंग के रिकॉर्ड भी तोड़ पाते हैं या नहीं.


