राहुल गांधी का झारखंड दौरा तय, खूंटी में ग्राम प्रधानों से PESA पर करेंगे चर्चा
“राहुल गांधी नवंबर 2026 के पहले सप्ताह में झारखंड के खूंटी और रांची में प्रस्तावित दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे. खूंटी में वे पांचवीं अनुसूची वाले गांवों के पारंपरिक ग्राम प्रधानों से PESA नियमावली के क्रियान्वयन पर संवाद करेंगे. ”

Ranchi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी नवंबर 2026 के पहले सप्ताह में झारखंड के दो कार्यक्रमों में शामिल होने वाले हैं. पार्टी की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, राहुल गांधी ने कार्यक्रमों में शामिल होने की सहमति दी है. पहला कार्यक्रम खूंटी में प्रस्तावित है, जहां पांचवीं अनुसूची वाले गांवों के पारंपरिक ग्राम प्रधानों के साथ PESA नियमावली के क्रियान्वयन को लेकर संवाद होगा. दूसरा कार्यक्रम रांची में जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) अध्यक्षों के प्रशिक्षण और उनके परिजनों के साथ बैठक का होगा. इन कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी को कई जिम्मेदारियां दी गई हैं. अक्टूबर में ग्राम प्रधानों के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित करने और कार्यक्रम में व्यक्तिगत निमंत्रण भेजने की भी योजना है.
खूंटी में पारंपरिक ग्राम प्रधानों से PESA पर होगा संवाद
पार्टी के पत्र के अनुसार, राहुल गांधी के खूंटी कार्यक्रम में झारखंड की पांचवीं अनुसूची वाले गांवों के पारंपरिक ग्राम सभा प्रधानों के साथ संवाद प्रस्तावित है. कार्यक्रम का मुख्य विषय PESA नियमावली का क्रियान्वयन होगा. इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी को पांचवीं अनुसूची वाले गांवों के पारंपरिक ग्राम सभा प्रधानों की सूची संबंधित जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के साथ साझा करने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा अक्टूबर महीने में प्रखंड मुख्यालय स्तर पर पारंपरिक ग्राम सभा प्रधानों के लिए PESA नियमावली पर प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित करने को कहा गया है. इन कार्यशालाओं में संबंधित DCC अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष और PESA मास्टर ट्रेनर की मौजूदगी अनिवार्य बताई गई है. पत्र में पारंपरिक ग्राम सभा प्रधानों को पहचान पत्र जारी करने के लिए पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग से अनुरोध करने की बात भी कही गई है. राहुल गांधी की बैठक में शामिल होने वाले ग्राम प्रधानों को व्यक्तिगत निमंत्रण पत्र भेजने के निर्देश दिए गए हैं.
रांची में DCC अध्यक्षों का प्रशिक्षण, तैयारियों की निगरानी के निर्देश
रांची में राहुल गांधी के दूसरे प्रस्तावित कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों का प्रशिक्षण और उनके परिजनों के साथ बैठक आयोजित की जानी है. पत्र में कहा गया है कि कार्यक्रम की तारीख तय होने के बाद सभी DCC अध्यक्षों को सपरिवार शामिल होने की सूचना दी जाए. कार्यक्रम की तैयारियों और सुचारू प्रबंधन के लिए राज्य और जिला स्तर पर समितियों के गठन का भी निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और जिला प्रभारी को तैयारियों की लगातार और गहन निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है. पार्टी ने PESA से जुड़े कार्यक्रम को लेकर अक्टूबर में होने वाली प्रशिक्षण कार्यशालाओं को भी तैयारियों का अहम हिस्सा बताया है. पत्र में संबंधित पदाधिकारियों से सूची साझा करने, प्रशिक्षण कराने, ग्राम प्रधानों को आईडी कार्ड दिलाने और व्यक्तिगत निमंत्रण भेजने समेत विभिन्न व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया है.

