देवघर में उपराष्ट्रपति के दौरे की तैयारी तेज, सड़कों से सुरक्षा तक हर मोर्चे पर प्रशासन अलर्ट
10 अक्टूबर को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के देवघर दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. एम्स के दीक्षांत समारोह और सैन्य मेले में शामिल होने से पहले एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा, यातायात, सफाई और सड़क व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है.

Deoghar: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और राज्यपाल संतोष गंगवार के 10 अक्टूबर को देवघर दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. उपराष्ट्रपति एम्स देवघर के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. इसके अलावा उनके दर्दमारा स्थित पीडी हिंदुजा अस्पताल परिसर में आयोजित सैन्य मेले में भी शामिल होने की संभावना है. दौरे को लेकर देवघर एयरपोर्ट से लेकर एम्स और कार्यक्रम स्थलों तक अधिकारियों की सक्रियता बढ़ गई है. सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और मार्ग व्यवस्था को लेकर लगातार बैठकें हो रही हैं. वहीं, देवघर नगर निगम ने भी प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर सफाई और सड़क की कमियों को चिन्हित करते हुए सुधार कार्य शुरू करा दिया है. प्रशासन का लक्ष्य 10 अक्टूबर से पहले सभी तैयारियों को अंतिम रूप देना है.
एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक सड़कों और सफाई पर फोकस
उपराष्ट्रपति के संभावित आवागमन वाले मार्गों को लेकर देवघर नगर निगम ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं. बुधवार को अपर नगर आयुक्त रजनीश कुमार के नेतृत्व में निगम की टीम ने देवघर एयरपोर्ट से परिसदन और पीडी हिंदुजा अस्पताल तक प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया. इस दौरान सड़कों की स्थिति, सफाई व्यवस्था और सड़क किनारे मौजूद गड्ढों का जायजा लिया गया. निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कमियां चिन्हित की गईं, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए.
अपर नगर आयुक्त ने कहा कि उपराष्ट्रपति के आगमन से पहले संबंधित मार्गों पर किसी तरह की अव्यवस्था नहीं रहनी चाहिए. चिन्हित गड्ढों को भरने और सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है. निगम की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जरूरी सुधार कार्यों की सूची भी तैयार की है. एयरपोर्ट से सैन्य मेला स्थल तक पूरे मार्ग की निगरानी की जा रही है.
एयरपोर्ट और एम्स में अधिकारियों ने बनाई रणनीति
उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर देवघर एयरपोर्ट और एम्स देवघर में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई. इसमें सिविल सर्जन, एयरपोर्ट निदेशक, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, एम्स देवघर के निदेशक समेत कई विभागों के अधिकारी शामिल हुए. बैठक में सुरक्षा व्यवस्था के साथ चिकित्सा सुविधाओं, आपात स्थिति से निपटने की तैयारी, यातायात नियंत्रण और कार्यक्रम स्थल तक सुचारू आवागमन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
अधिकारियों ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया, ताकि उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो. एम्स देवघर में होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर भी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. वहीं, दर्दमारा स्थित पीडी हिंदुजा अस्पताल परिसर में प्रस्तावित सैन्य मेले को लेकर भी आवश्यक तैयारियों पर चर्चा हुई. राज्यपाल संतोष गंगवार के भी कार्यक्रम में मौजूद रहने की संभावना को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़ी तैयारियों को प्राथमिकता दे रहा है.
10 अक्टूबर से पहले हर मोर्चे पर तैयारी पूरी करने की कवायद
उपराष्ट्रपति के देवघर आगमन में अब कुछ ही दिन शेष हैं. ऐसे में जिला प्रशासन से लेकर नगर निगम तक सभी विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. नगर निगम की निरीक्षण टीम में अपर नगर आयुक्त रजनीश कुमार के साथ सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार, नगर प्रबंधक सतीश कुमार दास, सहायक अभियंता वैदेही शरण और वरीय सफाई निरीक्षक सदाशिव जजवाड़े समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे.
प्रशासन का फोकस सुरक्षा के साथ-साथ स्वच्छता, सड़क, यातायात और स्वास्थ्य सुविधाओं को व्यवस्थित करने पर है. एयरपोर्ट से एम्स और फिर सैन्य मेले के आयोजन स्थल तक मार्ग व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद चल रही है. अधिकारियों को समय रहते सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं. 10 अक्टूबर को देवघर में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और राज्यपाल संतोष गंगवार की मौजूदगी में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम होने हैं. ऐसे में प्रशासन हर स्तर पर तैयारियों को पुख्ता करने में जुटा है.


