विश्व बाल दिवस पर सीएम हेमंत सोरेन से मिले यूनिसेफ के बाल पत्रकार, बाल अधिकारों और शिक्षा पर हुई चर्चा
विश्व बाल दिवस पर सीएम हेमंत सोरेन से यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुलाकात कर बाल अधिकार, शिक्षा और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की.

Ranchi:- विश्व बाल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुलाकात की. कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान बच्चों ने बाल अधिकार, शिक्षा, सामाजिक कुरीतियों, स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री के साथ संवाद किया. बाल पत्रकारों ने अपने स्कूल और समुदाय में किए जा रहे जागरूकता प्रयासों के अनुभव भी साझा किए. बच्चों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे बाल विवाह, बाल श्रम और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने जैसे मुद्दों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा माहवारी स्वच्छता, बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, पौष्टिक खानपान और जलवायु परिवर्तन को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं.
स्कूली शिक्षा में सुधार के लिए सरकार कर रही काम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बच्चों के सवालों का सहजता से जवाब देते हुए कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है. उन्होंने शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से दूर रखने के मुद्दे पर समीक्षा कर समाधान निकालने की बात कही. मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. खेल में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान विकसित करने की दिशा में सरकार ने निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है.
जिलों में पुस्तकालय निर्माण, स्कूलों में माहवारी जागरूकता अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलास्तर पर पुस्तकालयों के निर्माण का काम चल रहा है. उन्होंने शिक्षा को जरूरी बताते हुए कहा कि इससे बच्चों में सही और गलत की समझ विकसित होती है. बाल विवाह को उन्होंने कानूनी अपराध के साथ-साथ सामाजिक रूप से गंभीर समस्या बताया और बच्चों की कम उम्र में शादी नहीं कराने की अपील की. उन्होंने अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक दिन बिताकर विद्यार्थियों से बातचीत करने का निर्देश देने की जानकारी भी दी. साथ ही स्कूलों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाने और बच्चियों एवं महिलाओं को सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने की बात कही.
बाल पत्रकारों के आत्मविश्वास से प्रभावित हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बाल पत्रकारों की जागरूकता और आत्मविश्वास की सराहना की. उन्होंने कहा कि बच्चे जिस स्पष्टता के साथ अपने अधिकारों और समाज की समस्याओं पर बात कर रहे हैं, उससे भविष्य में उनके अच्छे नेतृत्वकर्ता बनने की उम्मीद दिखाई देती है. उन्होंने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी बातों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए. सरकार बच्चों के लिए ऐसा वातावरण बनाने को प्रतिबद्ध है, जहां वे सुरक्षित रह सकें, सीख सकें, अपनी बात रख सकें और अपने सपनों को पूरा करने के समान अवसर प्राप्त कर सकें. मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि बाल पत्रकारों के अनुभव दूसरे बच्चों को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए आवाज उठाने की प्रेरणा देंगे.
यूनिसेफ के प्रयासों की सराहना
मुख्यमंत्री ने यूनिसेफ के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों से संवाद करने पर उनकी वास्तविक समस्याओं और सरकारी योजनाओं के प्रभाव को समझने में मदद मिलती है. बच्चों के सुझाव उनके दैनिक जीवन की चुनौतियों और विकास की प्राथमिकताओं को सामने लाते हैं. यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि उनके जीवन से जुड़े निर्णयों में भागीदार बनाया जाना चाहिए. उन्होंने बाल पत्रकारों को बच्चों की आवाज और नेतृत्व क्षमता का उदाहरण बताया. यूनिसेफ की कम्युनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि गरीबी, भौगोलिक परिस्थितियां और लैंगिक असमानता जैसी चुनौतियां बच्चों के विकास को प्रभावित करती हैं. बच्चों के हित में निवेश करना बेहतर समाज और भविष्य की नींव तैयार करने जैसा है. इस कार्यक्रम में यूनिसेफ के बाल पत्रकारों, अधिकारियों और एनबीजेके के प्रतिनिधियों सहित कई लोग मौजूद रहे.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
26 साल में कोल्हान के तीन विधायक उत्कृष्ट, जानिये निरल पूर्ति से पहले कौन-कौन रहे उत्कृष्ट विधायक

रेलवे स्टेशन पार्किंग में मनमानी पर मेयर सख्त, कर्मियों ने मांगी माफी
योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर भाजपा ने जताया शोक, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

झारखंड की जेलों से रिहा होंगे 26 कैदी, CM हेमंत सोरेन की बैठक में बनी सहमति

सिरसिया हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले गंगा नारायण सिंह, एसपी से की बात

सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे आर. मित्रा स्कूल के एनसीसी कैडेट्स


