रेलवे स्टेशन पार्किंग में मनमानी पर मेयर सख्त, कर्मियों ने मांगी माफी
देवघर रेलवे स्टेशन पार्किंग में अधिक शुल्क वसूली और दुर्व्यवहार की शिकायत पर मेयर रवि कुमार राउत ने संवेदक को फटकार लगाई. शुल्क सूची लगाने और व्यवस्था सुधारने का निर्देश देते हुए दोबारा शिकायत पर अनुज्ञप्ति रद्द करने की चेतावनी दी.

Deoghar :- देवघर रेलवे स्टेशन परिसर की पार्किंग में निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली और वाहन चालकों के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायतों पर नगर निगम के महापौर रवि कुमार राउत ने सख्त रुख अपनाया है. शुक्रवार को महापौर की अध्यक्षता में स्टेशन अधीक्षक दिनकर झा, मुख्य टिकट निरीक्षक (सीआइटी) और पार्किंग अनुज्ञप्तिधारी संवेदक के साथ संयुक्त बैठक हुई. बैठक में पार्किंग संचालन में सामने आ रही अनियमितताओं और यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार को लेकर संबंधित कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई गई.
निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली पर जताई नाराजगी
बैठक में महापौर ने कहा कि पार्किंग के नाम पर आम नागरिकों और वाहन चालकों से तय दर से अधिक राशि वसूलने की शिकायतें गंभीर हैं. वाहन चालकों के साथ अभद्र व्यवहार और जनप्रतिनिधियों के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने संवेदक को पार्किंग संचालन में पारदर्शिता रखने और यात्रियों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
कर्मियों ने स्वीकार की गलती, मांगी माफी
बैठक के दौरान पार्किंग संवेदक के कर्मियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. हालांकि, महापौर ने स्पष्ट किया कि केवल माफी से काम नहीं चलेगा, बल्कि व्यवस्था में तत्काल सुधार दिखना चाहिए. उन्होंने पार्किंग परिसर में निर्धारित सरकारी शुल्क की सूची प्रमुख स्थान पर लगाने, तय दर के अनुसार ही वसूली करने और वाहन चालकों व यात्रियों के साथ शालीनता से पेश आने का निर्देश दिया.
दोबारा शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई
महापौर रवि कुमार राउत ने कहा कि देवघर बाबा बैद्यनाथ की नगरी है, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु और यात्री पहुंचते हैं. रेलवे स्टेशन शहर का प्रमुख प्रवेश द्वार है. ऐसे में पार्किंग के नाम पर मनमानी वसूली और दुर्व्यवहार से देवघर की छवि प्रभावित होती है. इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी शिकायत दोबारा मिलने पर पार्किंग अनुज्ञप्ति रद्द करने सहित संबंधित संवेदक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी. बैठक के बाद पार्किंग व्यवस्था में सुधार और यात्रियों को निर्धारित शुल्क पर सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर जवाबदेही तय करने पर जोर दिया गया.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
26 साल में कोल्हान के तीन विधायक उत्कृष्ट, जानिये निरल पूर्ति से पहले कौन-कौन रहे उत्कृष्ट विधायक

योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर भाजपा ने जताया शोक, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
झारखंड की जेलों से रिहा होंगे 26 कैदी, CM हेमंत सोरेन की बैठक में बनी सहमति

सिरसिया हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले गंगा नारायण सिंह, एसपी से की बात

सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे आर. मित्रा स्कूल के एनसीसी कैडेट्स

विज्ञान के प्रयोगों से रूबरू हुए क्राइस्ट स्कूल के विद्यार्थी, साइंस सेंटर में समझा नवाचार का महत्व


