मझगांव के JMM विधायक निरल पूर्ति चुने गए भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक, संघर्ष से सम्मान तक का सफर, जानिए पूरी राजनीतिक यात्रा
मझगांव विधायक निरल पूर्ति को भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक के लिए चुना गया. इस विधानसभा से चार बार विधायक हैं. वर्ष 2005 में पहली बार विधायक बने. उसके बाद वर्ष 2014, 2019 और 2024 में विधायक बने.

Ranchi : पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के विधायक निरल पूर्ति के राजनीतिक सफर में एक नया अध्याय जुड़ गया है. उत्कृष्ट विधायक चयन समिति की बैठक में निरल पूर्ति को भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान के लिए चुने जाने के साथ ही उनका नाम झारखंड विधानसभा के विशेष सम्मान से जुड़ गया है. उन्हें यह सम्मान 22 नवंबर 2026 को विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह में प्रदान किया जाएगा.
एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले निरल पूर्ति का विधानसभा के विशेष सम्मान तक पहुंचना उनके लंबे राजनीतिक संघर्ष और संगठन के प्रति समर्पण की कहानी बयां करता है. कभी दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सारथी के तौर पर काम करने वाले निरल पूर्ति ने अपनी मेहनत और राजनीतिक सक्रियता के दम पर अलग पहचान बनाई. हालांकि, उनका यह सफर आसान नहीं रहा. चुनावी हार से लेकर लगातार जीत तक, संगठन में काम करने से लेकर विधानसभा में प्रतिनिधित्व करने तक उन्होंने कई राजनीतिक पड़ाव पार किए हैं. आज उनका नाम झारखंड के उन विधायकों में शामिल है, जिन्हें विधानसभा ने उत्कृष्ट विधायक के सम्मान के लिए चुना है.
शिबू सोरेन के साथ शुरू हुआ राजनीतिक सफर, ड्राइवर से बने विधायक
निरल पूर्ति की राजनीतिक यात्रा की सबसे दिलचस्प बात उनका शुरुआती संघर्ष है. उनका जुड़ाव झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन से रहा है. राजनीति में आने से पहले वह शिबू सोरेन के साथ ड्राइवर के रूप में काम करते थे. इसी दौरान उनकी संगठन के प्रति निष्ठा और सक्रियता को देखते हुए उन्हें राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर मिला. शिबू सोरेन ने उन्हें चुनाव लड़ने का मौका दिया. हालांकि शुरुआती चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. साल 2005 के विधानसभा चुनाव में मझगांव से जीत दर्ज कर पहली बार विधानसभा पहुंचे. यह उनके राजनीतिक जीवन का निर्णायक मोड़ साबित हुआ.
चुनावी हार के बाद वापसी, चार बार बने विधानसभा के सदस्य
निरल पूर्ति का राजनीतिक सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. साल 2005 में पहली बार विधायक बनने के बाद साल 2009 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. लेकिन इस हार ने उनके राजनीतिक हौसले को कमजोर नहीं किया. उन्होंने क्षेत्र में अपनी सक्रियता बनाए रखी और संगठन के साथ जुड़े रहे. साल 2014 में उन्होंने वापसी की और मझगांव सीट पर दोबारा जीत दर्ज की. इसके बाद 2019 के विधानसभा चुनाव में भी जनता ने उन पर भरोसा जताया. वहीं, 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने एक बार फिर जीत हासिल की. इस तरह 2005, 2014, 2019 और 2024 में जीत दर्ज कर वह चार बार मझगांव का प्रतिनिधित्व करने विधानसभा पहुंचे.
शिक्षा, सड़क और बुनियादी सुविधाओं पर फोकस
मझगांव विधानसभा क्षेत्र में विकास की बात करें, तो निरल पूर्ति की प्राथमिकताओं में शिक्षा और ग्रामीण आधारभूत संरचना प्रमुख रूप से शामिल रही हैं. क्षेत्र के स्कूलों में भवन निर्माण, अतिरिक्त कमरों और चारदीवारी जैसी सुविधाओं के विस्तार की पहल की गई है. मई 2026 में कुमारडुंगी प्रखंड के राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय में 11 कमरों वाले नए भवन निर्माण का शिलान्यास किया गया. इस दौरान उन्होंने मझगांव को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और इसे शिक्षा का हब बनाने की बात कही थी. तांतनगर में तैयार फार्मासिस्ट कॉलेज भवन को शुरू कराने की दिशा में भी उन्होंने पहल का जिक्र किया.
सड़क और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी कई योजनाओं की शुरुआत हुई है. नवंबर 2026 में कुसमिता पंचायत के पातोरसाईं से जलडिहा, गोनोसाईं होते हुए बड़ा कुसमिता तक 6.55 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण का शिलान्यास किया गया. इसके अलावा घोड़ाबांधा पंचायत में डीएमएफटी निधि से सड़क निर्माण की पहल भी की गई. इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीणों को प्रखंड और जिला मुख्यालय तक बेहतर संपर्क उपलब्ध कराना है. सड़क, शिक्षा और पेयजल जैसी बुनियादी जरूरतों को लेकर उनकी सक्रियता क्षेत्रीय राजनीति में उनकी कार्यशैली का अहम हिस्सा रही है.
सामाजिक सरोकारों में भागीदारी, महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण
निरल पूर्ति की राजनीतिक सक्रियता केवल विकास योजनाओं के शिलान्यास तक सीमित नहीं रही है. सामाजिक कार्यक्रमों में भी उनकी भागीदारी देखने को मिलती है. सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए आयोजित आपकी सरकार, आपकी योजना, आपके द्वार कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी रही है. इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ दिलाने पर जोर दिया जाता रहा है.
महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों की भूमिका को भी वह महत्वपूर्ण मानते हैं. जेएसएलपीएस से जुड़े महिला समूहों के कार्यक्रमों में शामिल होकर उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया है. वहीं, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी उनकी भागीदारी सामने आई है. अगस्त 2026 में बलियापोसी पंचायत में आयोजित 77वें वन महोत्सव में उन्होंने पौधरोपण किया और ग्रामीणों से जंगलों के संरक्षण तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की.
उत्कृष्ट विधायक का सम्मान, बढ़ी जनता की उम्मीदें
निरल पूर्ति के राजनीतिक सफर में उत्कृष्ट विधायक का सम्मान एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में जुड़ा है. एक साधारण कार्यकर्ता से चार बार विधायक बनने और विधानसभा के विशेष सम्मान तक पहुंचने की उनकी यात्रा राजनीतिक संघर्ष और निरंतरता की कहानी है. लेकिन इस सम्मान के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ गई है. पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव क्षेत्र में आज भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, पेयजल और ग्रामीण विकास जैसी कई चुनौतियां मौजूद हैं. ऐसे में जनता की उम्मीदें भी उनसे जुड़ी हुई हैं. उत्कृष्ट विधायक का सम्मान उनके राजनीतिक जीवन की उपलब्धि जरूर है, लेकिन आने वाले समय में क्षेत्र के विकास और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के जरिए इस सम्मान की सार्थकता साबित करना उनकी सबसे बड़ी चुनौती होगी.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
26 साल में कोल्हान के तीन विधायक उत्कृष्ट, जानिये निरल पूर्ति से पहले कौन-कौन रहे उत्कृष्ट विधायक

रेलवे स्टेशन पार्किंग में मनमानी पर मेयर सख्त, कर्मियों ने मांगी माफी
योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर भाजपा ने जताया शोक, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

झारखंड की जेलों से रिहा होंगे 26 कैदी, CM हेमंत सोरेन की बैठक में बनी सहमति

सिरसिया हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले गंगा नारायण सिंह, एसपी से की बात

सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे आर. मित्रा स्कूल के एनसीसी कैडेट्स


