जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में ताला लगाने पर मेयर ने जताई नाराजगी, DC को लिखा पत्र
रांची में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम को लेकर मेयर और जिला प्रशासन के बीच विवाद बढ़ता नजर आ रहा है. मेयर ने स्टेडियम में ताला लगाने और 49 दंडाधिकारियों व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति पर सवाल उठाते हुए उपायुक्त को पत्र लिखा है.

Ranchi: जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम को लेकर रांची नगर निगम की मेयर और जिला प्रशासन के बीच विवाद बढ़ता दिख रहा है. मेयर ने स्टेडियम में ताला लगाने और वहां दंडाधिकारियों व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति को लेकर रांची के उपायुक्त को पत्र लिखा है. उन्होंने अनुमंडल दंडाधिकारी सदर की ओर से जारी आदेश को जल्दबाजी में लिया गया फैसला बताया है. मेयर का कहना है कि स्टेडियम और पार्क नगर निगम की संपत्ति है और मॉर्निंग वॉक के लिए गेट खोलना निगम और महापौर का प्रशासनिक अधिकार है. उन्होंने सवाल उठाया कि सुबह 5 से 8 बजे तक वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और खिलाड़ियों के लिए पार्क खोलने से आखिर विधि-व्यवस्था कैसे प्रभावित हो सकती है. मेयर ने जिला प्रशासन से जनहित में पार्क खोलने की दिशा में कार्रवाई की मांग की है.
49 दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति पर सवाल
मेयर ने पत्र में कहा है कि अनुमंडल दंडाधिकारी सदर रांची की ओर से ज्ञापांक 4793/गो०, दिनांक 5 अक्टूबर 2026 जारी कर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में 5 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक 49 दंडाधिकारियों और भारी पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. उन्होंने इस आदेश को समझ से परे बताते हुए कहा कि स्टेडियम के गेट पर ताला लगाना नगर निगम और निर्वाचित महापौर के अधिकारों में सीधा हस्तक्षेप है. उनका कहना है कि यदि सुरक्षा या विधि-व्यवस्था से जुड़ा कोई विषय था तो निगम पदाधिकारियों से संपर्क कर सुझाव या आदेश दिया जा सकता था.
‘सुबह पार्क में टहलना अब अपराध है?’
मेयर ने कहा कि पार्क का गेट केवल मॉर्निंग वॉक करने वालों के लिए सुबह 5 से 8 बजे तक खोला गया था. इसमें वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और खिलाड़ी शामिल हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सुबह पार्क में टहलना अब अपराध हो गया है. मेयर ने खुद को जनता द्वारा चुनी हुई जनप्रतिनिधि बताते हुए कहा कि जनता की मांग पर पार्क खोलना उनका दायित्व है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निगम के अधीनस्थ पदाधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ व विचार-विमर्श के बाद ही गेट का ताला खोला गया था. मेयर ने अखबार में उनके द्वारा ताला तोड़े जाने की बात को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया.
40 दिनों से बंद था गेट, दीवार फांदकर टहल रहे थे लोग
मेयर ने पत्र में बताया कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के गेट पर करीब 40 दिनों से ताला लगा हुआ था. इसके बावजूद स्थानीय लोग मजबूरी में दीवार फांदकर मॉर्निंग वॉक कर रहे थे. उन्होंने कहा कि इस तरह दीवार फांदने से किसी व्यक्ति के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है. ऐसे में जनहित को देखते हुए सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए पार्क खोलने में जिला प्रशासन को सहयोग करना चाहिए. मेयर ने उम्मीद जताई कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए रांची के नागरिकों के हित में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पार्क को खोलने की दिशा में उचित कार्रवाई की जाएगी.


