रामगढ़ के चुट्टूपालू घाटी में भीषण हादसा, दो ट्रेलरों की टक्कर में चालक-खलासी की मौत
रामगढ़ के चुट्टूपालू घाटी में NH-33 पर दो ट्रेलरों की जोरदार टक्कर में चालक अजय पाल और खलासी की मौत हो गई. तीन घंटे से अधिक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गैस कटर से केबिन काटकर दोनों को बाहर निकाला गया.

रामगढ़: रांची-रामगढ़ NH-33 पर चुट्टूपालू घाटी में रविवार सुबह दो भारी वाहनों की भिड़ंत ने दर्दनाक हादसे का रूप ले लिया. टक्कर के बाद एक ट्रेलर का केबिन दूसरे वाहन के पिछले हिस्से में बुरी तरह धंस गया, जिससे उसमें सवार चालक और खलासी अंदर फंस गए. बचाव दल को दोनों को बाहर निकालने के लिए तीन घंटे से अधिक समय तक मशक्कत करनी पड़ी. क्रेन और गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर दोनों को बाहर निकाला गया और सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे में जान गंवाने वाले चालक की पहचान अजय पाल के रूप में हुई है. घटना के बाद घाटी में यातायात बाधित रहा और रांची व रामगढ़ की ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस ने हादसे की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
पीछे से आ रहे ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा एक ट्रेलर गड़के मोड़ से पहले वन विभाग के वॉच टावर के पास स्पीड ब्रेकर के कारण धीमा हो गया था. इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहा इंगोट (धातु की सिल्लियां) लदा ट्रेलर चालक नियंत्रण खो बैठा और आगे चल रहे वाहन से टकरा गया. टक्कर के बाद पीछे वाले ट्रेलर का केबिन सामने वाले वाहन के डाला और चेसिस के बीच घुस गया.
केबिन में बुरी तरह फंसे चालक और खलासी
दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलरों के पहिए और चेसिस आपस में फंस गए. केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण अंदर बैठे चालक और उपचालक बाहर नहीं निकल पा रहे थे. मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और बचाव दल के सामने दोनों को सुरक्षित निकालने की बड़ी चुनौती थी.
तीन क्रेन और गैस कटर से चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया. शुरुआत में तीन क्रेन लगाकर दोनों ट्रेलरों को अलग करने का प्रयास किया गया, लेकिन इंगोट से लदे वाहन का वजन और दोनों गाड़ियों के फंसने के कारण सफलता नहीं मिली. करीब तीन घंटे तक चले प्रयास के बाद गैस कटर से केबिन को काटा गया. इसके बाद दोनों घायलों को बाहर निकालकर सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी मौत की पुष्टि हुई.
NH-33 पर वाहनों की लंबी कतार, यातायात प्रभावित
दुर्घटना के कारण चुट्टूपालू घाटी में सड़क की एक लेन बंद हो गई. घाटी में वन-वे व्यवस्था के तहत दूसरी लेन से गाड़ियों को निकाला जा रहा था, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने से वहां भी जाम लग गया. रांची और रामगढ़ दोनों दिशाओं में गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलरों को हटाने तक यातायात सामान्य करने में पुलिस को काफी परेशानी हुई.
पुलिस ने की हादसे की पुष्टि, सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
घटनास्थल पर मौजूद रामगढ़ के सब इंस्पेक्टर संजय दुबे ने शुरुआती जानकारी देते हुए बताया था कि पीछे से आ रहे ट्रेलर ने आगे चल रहे वाहन को टक्कर मारी थी और केबिन में दो लोग फंसे थे. बाद में रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र पांडेय ने चालक अजय पाल और उपचालक की मौत की पुष्टि की. हादसे के बाद चुट्टूपालू घाटी में भारी वाहनों की गति, यातायात नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर फिर चिंता बढ़ गई है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
गिरिडीह में जैन तीर्थयात्रियों की बस खाई में पलटी, पति-पत्नी समेत 2 की मौत, 12 से अधिक घायल

अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा का निधन, जमशेदपुर में आज होगा अंतिम संस्कार
हेमंत सरकार की विफलताओं के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी BJP : आदित्य साहू

शहीद आश्रम मोड़ के समीप लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 19 यूनिट रक्त संग्रह, रक्तदाताओं को किया सम्मानित

बालिकाओं की समस्याओं को समझें माताएं, संवाद से दूर करें हर झिझक, कुंडा में बालिका शिक्षा बैठक सह माता- पुत्री विचार गोष्ठी आयोजित

उत्कृष्ट विधायक सम्मान को निरल पूर्ति ने बताया जनता के भरोसे का प्रतीक, बोले- झारखंड की सेवा के लिए बढ़ी जिम्मेदारी


