वियतनाम में मृत प्रवासी कामगार के परिजनों को 5 लाख की सहायता, सीएम के निर्देश पर मिली राशि
वियतनाम में सड़क दुर्घटना में मृत रांची निवासी प्रवासी कामगार स्व. राजा कुमार वर्मा के आश्रितों को राज्य सरकार ने 5 लाख रुपये की सहायता राशि दी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर यह राशि मुख्यमंत्री झारखण्ड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के तहत प्रदान की गई.

Ranchi: वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के कैलास नगर निवासी स्व. राजा कुमार वर्मा के आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर यह राशि ‘मुख्यमंत्री झारखण्ड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना’ के तहत दी गई. सहायता राशि श्रम मंत्री एवं राज्यसभा सांसद ने दिवंगत के परिजनों को सौंपी. राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे. सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था. इसके बाद परिजनों ने उनका पार्थिव शरीर स्वदेश लाने के लिए राज्य सरकार से मदद की गुहार लगाई थी.
सरकार के प्रयास से 5 अक्टूबर को रांची पहुंचा पार्थिव शरीर
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. विदेश मंत्रालय, भारत सरकार और हनोई स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार समन्वय कर पार्थिव शरीर को भारत लाने की आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराई गईं. इसके बाद राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर वियतनाम की राजधानी हनोई से कोलकाता हवाई अड्डे लाया गया. कोलकाता से रांची स्थित उनके पैतृक आवास तक पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक पहुंचाने के लिए रांची जिला प्रशासन ने नि:शुल्क एम्बुलेंस की व्यवस्था की. प्रशासन की सहायता से 5 अक्टूबर को पार्थिव शरीर रांची पहुंचा और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई. राज्य सरकार ने सहायता राशि के माध्यम से परिवार को आर्थिक संबल देने का प्रयास किया है.


