JPSC-JSSC विवाद पर गरमाया विधानसभा परिसर, भाजपा-जदयू ने किया जोरदार प्रदर्शन
झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन भाजपा और जदयू के विधायकों ने JPSC, JSSC और CGL परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया.

Ranchi: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा और जदयू के विधायकों ने विधानसभा परिसर के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया. विधायकों ने JPSC, JSSC और CGL परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए CBI जांच की मांग दोहराई. प्रदर्शन के दौरान विधायक बैनर और पोस्टर लेकर नारेबाजी करते नजर आए. उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोषियों पर कार्रवाई करने और युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की. भाजपा ने स्पष्ट किया कि वह मानसून सत्र के दौरान सदन के भीतर और बाहर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी.
CBI जांच और परीक्षा रद्द करने की मांग
प्रदर्शन के दौरान विधायकों के हाथों में "भर्ती के सौदागर हेमंत इस्तीफा दो", "नौकरी की मंडी बंद करो" और "दोषियों पर कार्रवाई करनी होगी" जैसे पोस्टर दिखाई दिए. भाजपा और जदयू के नेताओं ने JPSC की CBI जांच कराने, JSSC CGL परीक्षा रद्द करने तथा भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. विधायकों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रिया पर भरोसा कायम रहे.
सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने कहा कि रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं और सरकार से जवाबदेही की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. प्रदर्शन में विधायक प्रदीप प्रसाद समेत भाजपा और जदयू के कई विधायक शामिल रहे. विपक्ष ने चेतावनी दी कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक यह मुद्दा विधानसभा के भीतर और बाहर लगातार उठाया जाएगा.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.




Leave a comment