JPSC-JSSC आंदोलन: बैरिकेड से आंसू गैस तक सब पार, विधानसभा की चहारदीवारी पर चढ़ा छात्र हुजूम, Video देखिए
JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर रांची में छात्रों का आंदोलन सोमवार को निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया. वाटर कैनन, आंसू गैस, लाठीचार्ज और कई स्तर की बैरिकेडिंग का सामना करते हुए प्रदर्शनकारी विधानसभा की बाहरी चहारदीवारी तक पहुंच गए और उस पर चढ़ गए.

Ranchi: रांची में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन सोमवार को उस मुकाम पर पहुंच गया, जिसकी तस्वीरें अब पूरे घटनाक्रम की गंभीरता बयां कर रही हैं. प्रदर्शनकारियों ने कई स्तर की बैरिकेडिंग, पुलिस की कड़ी सुरक्षा और रोकने के लिए इस्तेमाल किए गए वाटर कैनन तथा आंसू गैस का सामना करते हुए विधानसभा परिसर की बाहरी चहारदीवारी तक पहुंच बना ली. एक्सक्लूसिव विजुअल में प्रदर्शनकारी चहारदीवारी पर चढ़े नजर आ रहे हैं. इससे पहले छात्रों ने रास्ते में लगाए गए कई सुरक्षा घेरे पार किए थे. पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जबकि बाद में आंसू गैस के गोले छोड़े गए. विधानसभा के आसपास तनाव बढ़ने के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती और कड़ी कर दी गई है. आंदोलन अब सिर्फ मार्च तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था के सामने सीधे टकराव की स्थिति तक पहुंच गया है.
बैरिकेडिंग की कई परतें टूटीं, नहीं थमा छात्रों का मार्च
सुबह से ही प्रशासन ने विधानसभा की ओर जाने वाले रास्तों को कई स्तर की बैरिकेडिंग से घेर रखा था. जगन्नाथपुर, विधानसभा चौक और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया था. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए अलग-अलग जगह सुरक्षा घेरा बनाया गया था. लेकिन छात्रों की भीड़ लगातार आगे बढ़ती रही. कई स्थानों पर बैरिकेड हटाए गए और प्रदर्शनकारी अगले सुरक्षा घेरे तक पहुंचते चले गए. मुख्य रास्ते पर पुलिस की सख्ती बढ़ने के बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने वैकल्पिक रास्तों का भी इस्तेमाल किया. खेत और कच्चे रास्तों से होते हुए भीड़ विधानसभा के और करीब पहुंच गई.
वाटर कैनन और आंसू गैस के बाद भी पीछे नहीं हटी भीड़
जगन्नाथपुर मंदिर के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन चलाया. पानी की तेज बौछारों के बीच भी बड़ी संख्या में छात्र मौके पर डटे रहे. इसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हुई. अंतिम सुरक्षा घेरे के पास पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. गैस फैलने के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी, लेकिन प्रदर्शनकारी दोबारा एकजुट होकर आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे. इससे पहले बैरिकेडिंग पार करने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई थी. पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किए जाने की जानकारी सामने आई, वहीं प्रदर्शनकारियों की तरफ से भी पुलिस पर हमला और पथराव की घटनाएं सामने आईं.
विधानसभा की चहारदीवारी पर चढ़े प्रदर्शनकारी, सामने आया एक्सक्लूसिव विजुअल
पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा दृश्य अब सामने आया है. तमाम सुरक्षा घेरों और पुलिस की कार्रवाई के बीच प्रदर्शनकारी विधानसभा की बाहरी चहारदीवारी तक पहुंच गए और कुछ लोग दीवार पर चढ़ते हुए दिखाई दिए. एक्सक्लूसिव विजुअल में प्रदर्शनकारी चहारदीवारी पर मौजूद नजर आ रहे हैं. यह तस्वीर बताती है कि आंदोलनकारी भीड़ विधानसभा भवन के बेहद करीब तक पहुंच चुकी थी. प्रशासन की ओर से पहले ही विधानसभा के आसपास भारी पुलिस बल, बैरिकेडिंग और दंगा नियंत्रण संसाधनों की व्यवस्था की गई थी. इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों का चहारदीवारी तक पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन गया.
आंदोलन के बीच ‘उपद्रवी’ तत्वों को लेकर छात्र नेता ने जताई चिंता
तनावपूर्ण हालात के बीच छात्र नेता रवींद्र पासवान ने आंदोलन में कुछ अराजक तत्वों के शामिल होने की बात कही और उनकी पहचान कर कार्रवाई की मांग की. उन्होंने छात्रों से आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की. आंदोलन के दौरान छात्रों की प्रमुख मांगों में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच, विवादित परीक्षाओं पर कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में सुधार शामिल हैं. सरकार की ओर से सदन में छात्रों की करीब 98 प्रतिशत मांगों पर सहमति का दावा किया गया है, लेकिन कुछ प्रमुख मुद्दों पर गतिरोध कायम है. इसी बीच JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते की CID द्वारा गिरफ्तारी ने मामले को एक नया मोड़ दिया है.
अब रांची में सवाल सिर्फ इस बात का नहीं है कि छात्र विधानसभा तक पहुंचेंगे या नहीं. प्रदर्शनकारी विधानसभा की बाहरी चहारदीवारी तक पहुंच चुके हैं. वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज के बीच आंदोलन जिस स्तर पर पहुंचा है, उसने पूरे घटनाक्रम को राज्य की राजनीति और प्रशासन के लिए बेहद अहम बना दिया है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.





Leave a comment