बंगाल में TMC के लिए उतरेंगे हेमंत सोरेन, 18-20 अप्रैल तक करेंगे धुआंधार प्रचार
“झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने जा रहे हैं. असम में अपने दल के लिए प्रचार के बाद वे 18, 19 और 20 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में चुनावी रैलियां और जनसभाएं करेंगे. ”

Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने जा रहे हैं. असम में अपने दल के लिए प्रचार के बाद वे 18, 19 और 20 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में चुनावी रैलियां और जनसभाएं करेंगे. जानकारी के मुताबिक, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने साफ कर दिया है कि वह बंगाल में न तो अपना उम्मीदवार उतारेगा और न ही कांग्रेस के साथ गठबंधन करेगा. पार्टी पूरी ताकत के साथ तृणमूल कांग्रेस (TMC) का समर्थन करेगी. इस फैसले की पुष्टि पार्टी के नेताओं ने भी की है.
हेमंत सोरेन का फोकस खासतौर पर आदिवासी बहुल इलाकों पर रहेगा. वे जंगलमहल और उत्तर बंगाल के क्षेत्रों में चुनावी सभाएं करेंगे, जहां आदिवासी वोट बैंक निर्णायक भूमिका निभाता है. इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में भी उनके प्रचार का असर इन इलाकों में देखने को मिला था. इस बार उनके साथ कल्पना सोरेन के भी प्रचार अभियान में शामिल होने की संभावना है, जिससे JMM की पकड़ और मजबूत हो सकती है. माना जा रहा है कि यह रणनीति भाजपा की बढ़ती चुनौती को रोकने के लिए तैयार की गई है.
राजनीतिक दृष्टि से यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि JMM, राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के साथ INDIA गठबंधन का हिस्सा है, लेकिन बंगाल में उसने अलग रास्ता चुना है. इसे नए राजनीतिक समीकरण के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे कांग्रेस को झटका लग सकता है. गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होने हैं, जिसमें मुख्य मुकाबला TMC और भाजपा के बीच है. ऐसे में हेमंत सोरेन का यह प्रचार अभियान चुनावी माहौल को और दिलचस्प बना सकता है.

