समस्तीपुर से कैमूर तक मुहर्रम पर तनाव, एक की मौत, तीन पुलिसकर्मी घायल, प्रशासन अलर्ट
बिहार में मुहर्रम के दौरान समस्तीपुर और कैमूर से हिंसा व हादसों की कई घटनाएं सामने आई हैं। समस्तीपुर में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि पुलिस पर हमले में तीन जवान घायल हुए। वहीं कैमूर में ताजिया जुलूस के दौरान आतिशबाजी से दो लोग घायल हो गए। प्रशासन ने जांच तेज कर दी है।

Bihar: मुहर्रम के मौके पर कई जिलों से हिंसा और तनाव की खबरें सामने आई हैं. सबसे गंभीर घटनाएं समस्तीपुर और कैमूर में दर्ज की गईं, जहां जुलूस के दौरान झड़प, हमला और हत्या जैसी वारदातों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. समस्तीपुर के मथुरापुर में ताजिया मिलान के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद के बाद पथराव हुआ, जबकि रामनगर सारी मोहल्ले में पुलिस पर हमला कर तीन जवानों को घायल कर दिया गया. इसी जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर एक 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. वहीं कैमूर के मोहनियां में ताजिया जुलूस के दौरान आतिशबाजी की घटना में दो लोग घायल हो गए. इन घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है तथा सभी मामलों की जांच शुरू कर दी गई है.
समस्तीपुर में ताजिया जुलूस के दौरान बवाल, पुलिस पर हमला
समस्तीपुर के मथुरापुर थाना क्षेत्र के नागरबस्ती स्थित बूढ़ी गंडक नदी तट पर 22 अखाड़ों का ताजिया मिलान कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान एक घर पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया. मौके पर मौजूद पुलिस बल और अखाड़ा समितियों के सहयोग से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराया गया. हालांकि इसके कुछ देर बाद रामनगर सारी मोहल्ले में हालात फिर बिगड़ गए. आरोप है कि जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और उपद्रवियों की पहचान के लिए सीसीटीवी व वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में मुहर्रम जुलूस के दौरान 22 वर्षीय मोहम्मद जब्बार अंसारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर दो युवकों के बीच कहासुनी हुई थी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद के बाद आरोपी युवक जब्बार को बहाने से अंधेरे में ले गया और उसके सीने पर चाकू से हमला कर फरार हो गया. घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस का प्रारंभिक जांच में मानना है कि हत्या पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकती है. शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
कैमूर में आतिशबाजी से दो घायल, प्रशासन ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील
मुहर्रम के दौरान एक अन्य घटना कैमूर जिले के मोहनियां क्षेत्र से सामने आई, जहां ताजिया जुलूस के दौरान हुई आतिशबाजी में दो लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान कुंदन कुमार और मुस्कान के रूप में हुई है. परिजनों ने गोली लगने का आरोप लगाया, जबकि अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि दोनों आतिशबाजी के कारण घायल हुए हैं. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है. उधर समस्तीपुर प्रशासन ने भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment