डॉक्टर ने दी Donald Trump को वजन घटाने की नसीहत! ट्रंप की मेडिकल रिपोर्ट देख चौक जाएंगे!
“अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई मेडिकल रिपोर्ट सामने आई है. व्हाइट हाउस के अनुसार, ट्रंप का स्वास्थ्य उत्कृष्ट है और वह राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारियां निभाने के लिए पूरी तरह फिट हैं. हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें वजन कम करने, अधिक व्यायाम करने और संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी है. ”

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सेहत को लेकर काफी समय से चर्चाएं चल रही थीं. हाल के महीनों में उनके हाथों पर दिखाई देने वाले नीले निशान और कुछ सार्वजनिक कार्यक्रमों में थके या उनींदे नजर आने के बाद कई सवाल उठने लगे थे. अब व्हाइट हाउस ने ट्रंप की नई मेडिकल रिपोर्ट जारी कर इन चर्चाओं को खत्म करने की कोशिश की है. अगले महीने 80 साल के होने जा रहे डोनाल्ड ट्रंप के लिए जारी की गई मेडिकल रिपोर्ट में कहा गया है कि वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं और राष्ट्रपति के साथ-साथ कमांडर-इन-चीफ की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए पूरी तरह फिट हैं. रिपोर्ट में उनके हृदय, फेफड़ों, तंत्रिका तंत्र और समग्र शारीरिक क्षमता को मजबूत बताया गया है. हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें वजन कम करने, अधिक व्यायाम करने और खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह भी दी है. ट्रंप ने हाल ही में वाशिंगटन के पास स्थित वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में अपना नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया था, जिसके बाद यह रिपोर्ट सार्वजनिक की गई.
Donald Trump Medical Report में क्या कहा गया?
व्हाइट हाउस के चिकित्सक और अमेरिकी नौसेना के कप्तान शॉन बार्बाबेला द्वारा जारी की गई तीन पन्नों की मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप का स्वास्थ्य “उत्कृष्ट” है. रिपोर्ट में बताया गया है कि उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए पूरी तरह से सक्षम है. हालांकि, इस मेडिकल रिपोर्ट में कुछ एहतियाती सुझाव भी दिए गए हैं. डॉक्टरों ने ट्रंप को सलाह दी है कि वे संतुलित और स्वस्थ आहार लें, शारीरिक गतिविधियों को बढ़ाएं, और वजन कम करे. इसके साथ ही, हृदय स्वास्थ्य के लिए कम मात्रा में एस्पिरिन लेने की भी सिफारिश की गई है. रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप इस समय तीन दवाइयां ले रहे हैं. इनमें से दो दवाइयां कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने के लिए हैं, जबकि तीसरी एस्पिरिन है, जिसका उपयोग हृदय रोग की रोकथाम के लिए किया जाता है.
ट्रंप का वजन कितना है और हाथों पर निशान क्यों पड़े?
मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप का वजन इस समय 238 पाउंड, यानी लगभग 108 किलोग्राम है. उनकी ऊंचाई 6 फीट 3 इंच (191 सेंटीमीटर) बताई गई है। पिछली मेडिकल जांच में उनका वजन 224 पाउंड, यानी करीब 101.6 किलोग्राम था. हाल के दिनों में ट्रंप के हाथों पर दिख रहे नीले निशानों को लेकर सोशल मीडिया और मीडिया में काफी चर्चा हुई थी. कई लोगों ने इसे स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या मान लिया था. लेकिन अब डॉक्टरों ने इसकी असली वजह भी बता दी है. रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप के हाथों पर जो निशान हैं, वो किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं हैं. डॉक्टरों का कहना है कि लगातार लोगों से हाथ मिलाने और एस्पिरिन लेने के कारण हाथों के मुलायम ऊतकों में हल्की जलन हुई है, जिससे ये निशान बने हैं. एस्पिरिन लेने वाले लोगों में इस तरह के निशान जल्दी पड़ सकते हैं.
उम्र को लेकर चर्चा के बीच आई रिपोर्ट
डोनाल्ड ट्रंप अगले महीने 80 साल के हो जाएंगे, और इस मौके पर उनकी उम्र और स्वास्थ्य को लेकर चर्चा लगातार जारी है। खासकर जब बात राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारियों की आती है, तो उनकी फिटनेस पर सवाल उठते रहते हैं। व्हाइट हाउस द्वारा जारी की गई हालिया मेडिकल रिपोर्ट इन सभी चिंताओं का जवाब देने की कोशिश करती है। रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि ट्रंप का स्वास्थ्य अच्छा है और वह अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए पूरी तरह से सक्षम हैं। हालांकि, डॉक्टरों ने यह भी बताया है कि बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए उन्हें अपने वजन पर नियंत्रण और नियमित व्यायाम पर ध्यान देना चाहिए।


