Cyclone Akvan: चक्रवात 'अकवन' से बिगड़ेगा मौसम! झारखंड-बिहार समेत 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अकवन के कारण देश के 15 राज्यों में मौसम बदलने वाला है. झारखंड-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और तेज हवाओं की चेतावनी है.

Weather Update:- देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बने गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवन' ने मौसम विभाग की चिंता बढ़ा दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और 20 नवंबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों को प्रभावित कर सकता है. इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जो 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. चक्रवात के असर से देश के करीब 15 राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई गई है. बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में मौसम बदल सकता है. वहीं, पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है. दूसरी ओर, दिल्ली में ठंड और कोहरे का असर बढ़ने लगा है. आइए जानते हैं 19 नवंबर को देशभर में मौसम का हाल.
बंगाल की खाड़ी में चक्रवात 'अकवन' का खतरा
बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवन' तेजी से आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, 20 नवंबर को दोपहर तक इसके नरसापुर और पुरी के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश-यनम और दक्षिण ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि तेज झोंकों के साथ यह 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
झारखंड-बिहार समेत 15 राज्यों में बारिश की संभावना
चक्रवात और मौसमी बदलाव के बीच IMD ने करीब 15 राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. संभावित प्रभावित राज्यों में बिहार, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और त्रिपुरा शामिल हैं. इन राज्यों के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ मौसम बिगड़ने की आशंका भी है.
उत्तराखंड से कश्मीर तक बर्फबारी का अलर्ट
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ जमने से तापमान में गिरावट आ सकती है. वहीं, लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण पहाड़ी रास्तों पर फिसलन और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में इन इलाकों में जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
कई राज्यों में 90 KM प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात से प्रभावित क्षेत्रों में तेज आंधी चलने की आशंका है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 85 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिरने जैसी घटनाओं का खतरा बना रह सकता है. खासकर तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान देने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
दिल्ली में ठंड और कोहरे का असर, 13 डिग्री तक गिरेगा पारा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है. सुबह के समय कई इलाकों में कोहरा देखने को मिल रहा है. हालांकि, फिलहाल दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, राजधानी में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने से लोगों को परेशानी हो सकती है. ऐसे में खासकर सुबह घर से निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
जसीडीह स्टेशन पर पार्किंग शुल्क विवाद पर लगा विराम, तीन और चार पहिया वाहनों की नई दरें जारी

स्वच्छता महाकुंभ में 14 स्कूलों के बीच होगी महामुकाबले की जंग, पांच चरणों की परीक्षा के बाद मिलेगा एक को ताज
झारखंड राज्य वन्यजीव बोर्ड की 16वीं बैठक संपन्न, CM हेमंत सोरेन ने वन्यजीव संरक्षण के साथ अभयारण्यों में रहने वाले लोगों के हितों और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने का दिया निर्देश

चक्रवाती तूफान 'अकवन' के संभावित प्रभाव को देखते हुए अलर्ट मोड में झारखंड सरकार, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अधिकारियों को दिया स्पष्ट निर्देश, कहा- किसी भी परिस्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

विश्व शौचालय दिवस पर देवघर में चला स्वच्छता अभियान, सार्वजनिक शौचालयों की हुई विशेष सफाई

देवसंघ कॉलेज में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने का संकल्प


